मुंबई पुलिस अलर्ट मोड पर, 24 घंटे में 12 नाबालिग लापता, 12 संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज

Mumbai Police on alert: मुंबई में 12 नाबालिग बच्चे 24 घंटे में लापता हो गए। पुलिस ने 12 संदिग्धों के खिलाफ केस दर्ज कर हर जगह जांच शुरु कर दी है। पुलिस हर सुराग की जांच कर रही है।
24 घंटे में 12 नाबालिग लापता (pic credit; social media)
24 घंटे में 12 नाबालिग लापता (pic credit; social media)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai 12 Minors Missing: मुंबई में पिछले 24 घंटों में 12 नाबालिग बच्चों के लापता होने की घटनाओं ने शहर में चिंता बढ़ा दी है। इसमें 7 लड़कियां और 5 लड़के शामिल हैं। मुंबई पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी अभिभावकों की शिकायतों पर 12 संदिग्धों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 137 (2) के तहत केस दर्ज किए।

शहर के पुलिस स्टेशनों में विशेष ‘मिसिंग स्क्वाड’ तैनात कर बच्चों की खोज में हर संभावित सुराग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। फिलहाल किसी भी परिवार को फिरौती की मांग वाला कॉल नहीं आया है, जो सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

जांच अधिकारी बताते हैं कि यदि गायब बच्चे 6 से 8 साल के हैं तो यह गंभीर मामला है और गिरोह के संभावित शामिल होने की संभावना को भी खंगाला जाएगा। वहीं, 16 से 18 साल के किशोर अपने संबंधों के कारण घर से चले गए हों तो इसे अपहरण नहीं माना जाएगा।

शिवाजी नगर में 4, ओशिवारा में 3, एमआईडीसी में 2 तथा पवई, एंटोप हिल और अग्रीपाड़ा में एक-एक बच्चे की गुमशुदगी दर्ज हुई है। प्रत्येक बच्चे के लिए पुलिस ने तस्वीरों के साथ शहर के व्यस्त बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस डिपो, अस्पताल और चिल्ड्रन होम में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा है और सभी प्रयास किए जा रहे हैं कि वे जल्द से जल्द सुरक्षित घर लौटें। पूर्व आयुक्त राकेश मारिया के कार्यकाल से ही 18 साल से कम उम्र के बच्चों के अपहरण मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाती रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि मुंबई में इस तरह के मिसिंग बच्चों के मामलों पर तुरंत और संवेदनशील कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।

मुंबई पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि किसी संदिग्ध गतिविधि या बच्चों के लापता होने की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या हेल्पलाइन पर दें।

Navbharat Live
navbharatlive.com