

मुंबई-नाशिक हाईवे पर ₹8.50 करोड़ के माल की कथित लूट का खुलासा।
पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक और हेल्पर ने लूट की झूठी कहानी रची।
पांच आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने पूरा माल बरामद करने का दावा किया।
Maharashtra Crime News: मुंबई-नासिक हाईवे पर 8.50 करोड़ रुपये के माल से भरे कंटेनर की लूट की शिकायत का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। भिवंडी तहसील पुलिस की जांच में सामने आया कि शिकायत दर्ज कराने वाला ट्रक चालक ही कथित साजिश में शामिल था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और लूटा गया पूरा माल बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, पतंजलि ट्रांसपोर्ट के कंटेनर में ग्लेन फार्मा कंपनी का 8.50 करोड़ रुपये का माल भरकर नोएडा-गुरुग्राम से भिवंडी तहसील के पूर्णा स्थित गोदाम में पहुंचाया जाना था। 2 अक्टूबर की रात कंटेनर येवई नाका पहुंचा। चालक सोमनाथ पाल ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने कंटेनर रोककर उसके साथ मारपीट की और उसे अगवा करने के बाद माल समेत कंटेनर लूट लिया।
चालक ने फोन पर कंपनी मालिक को घटना की जानकारी दी। इसके बाद कंपनी मालिक के कहने पर उसने भिवंडी तहसील पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती कार्रवाई में योगेशकुमार जैस्वार, मनीष पाल और शिवकुमार धुरिया को हिरासत में लिया गया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि कंटेनर पालघर जिले के बोईसर में छिपाकर रखा गया था, जबकि उसमें लदा माल एक गोदाम में रखा गया था। पुलिस ने छापेमारी कर 8.50 करोड़ रुपये का पूरा माल बरामद कर लिया।
तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को ट्रक चालक सोमनाथ पाल और हेल्पर रामसिंग यादव की भूमिका पर संदेह हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में खुलासा हुआ कि चालक और हेल्पर ने अपने पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी रची थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल सात लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें से पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस कार्रवाई से करोड़ों रुपये के माल की कथित लूट के पीछे की साजिश उजागर हुई है।