

Mumbai Real Estate: मुंबई महानगर क्षेत्र और पुणे सहित देश के 9 प्रमुख शहरों में अप्रैल-जून तिमाही के दौरान घरों की बिक्री 19 प्रतिशत बढ़कर 1,12,458 घरों पर पहुंच गई। एक साल पहले की समान अवधि में मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे, दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और कोलकाता में कुल 94,864 घरों की बिक्री हुई थी।
मुंबई महानगर और पुणे में भी तेजी
रियल एस्टेट डेटा विश्लेषण कंपनी प्रॉपइक्विटी के आंकड़ों के मुताबिक, तिमाही के दौरान मुंबई में आवास बिक्री 8,006 घरों से बढ़कर 10,561 घर तथा नवी मुंबई में 6,833 घरों से बढ़कर 11,029 घर रही। ठाणे में बिक्री 14,832 घरों से बढ़कर 16,386 घर और पुणे में 17,196 घरों से बढ़कर 18,737 घर हो गई। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर में आवास बिक्री घटकर 10,082 मकान रह गई, जो एक साल पहले 11,703 घर थी।
नई आवासीय परियोजनाओं की आपूर्ति
रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-जून 2025-26 के दौरान नई आवासीय परियोजनाओं की आपूर्ति भी सालाना आधार पर 43 प्रतिशत बढ़कर 1,17,609 इकाई हो गई। प्रॉपइक्विटी के सीईओ समीर जसूजा ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद भारतीय आवास बाजार मजबूत बना हुआ है। दक्षिण भारत के बाजार वृद्धि में अग्रणी रहे हैं, जबकि मुंबई और नवी मुंबई में भी मांग मजबूत रही है।
हालांकि, ठाणे और दिल्ली-एनसीआर जैसे कुछ क्षेत्रों में गतिविधियां अपेक्षाकृत नरम रही हैं, लेकिन कुल मिलाकर बाजार धारणा सकारात्मक बनी हुई है। बेंगलुरु में आवास बिक्री बढ़कर 21,516 घर हो गई, जो एक साल पहले की समान अवधि में 14,676 घर थी। चेन्नई में बिक्री 5,354 से बढ़कर 6,323 घर और हैदराबाद में 11,815 से बढ़कर 14,410 घर हो गई।