मुंबई की सीमा पार कर दौड़ेगी मुंबई मेट्रो, ठाणे से पहले मीरा-भायंदर वासियों को राहत, मेट्रो-9 हो रही है शुरू

Mumbai Metro Line 9: मुंबई मेट्रो लाइन-9 के शुरू होने से मीरा-भायंदर से अंधेरी का सफर 50 मिनट से कम में पूरा होगा और क्षेत्र को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
Mumbai Metro
Mumbai Metro (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MMRDA Metro Project: मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए चल रहे कई मेट्रो प्रोजेक्ट्स में से एक मेट्रो-9 अब मुंबई की सीमा पार कर पश्चिमी द्वार से जुड़े पड़ोसी मीरा-भायंदर शहर में दौड़ने वाली है।

मुंबई मेट्रो लाइन-9, मुंबई के दहिसर (पूर्व) को ठाणे जिले के मीरा-भायंदर शहर से जोड़ती है। यह मेट्रो लाइन-7 का विस्तार है। उल्लेखनीय है कि मुंबई के साथ एमएमआर के ठाणे, मीरा-भायंदर, भिवंडी, कल्याण और तलोजा तक मेट्रो का काम किया जा रहा है।

इंतजार खत्म

मेट्रो में सफर के लिए अब ठाणे से पहले मीरा-भायंदर वासियों का इंतजार खत्म होने वाला है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के अनुसार मुंबई मेट्रो लाइन-9 (रेड लाइन) के पहले चरण की सेवा इसी माह शुरू हो सकती है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जल्द ही इसका उद्घाटन करेंगे। पहले चरण का ट्रायल और रेल सुरक्षा आयुक्त का सेफ्टी निरीक्षण पूरा हो चुका है।

बदलेगी यातायात की तस्वीर

मीरा-भायंदर मनपा की स्थापना का सिल्वर जुबली वर्ष भी मनाया जा रहा है। इसके साथ ही मेट्रो-9 के शुरू होने पर क्षेत्र के यातायात की तस्वीर बदलने वाली है। लगभग 13.58 किमी लंबी इस लाइन में 11.38 किमी हिस्सा एलिवेटेड और 2.19 किमी भूमिगत है। इस लाइन पर प्रमुख स्टेशन दहिसर पूर्व (इंटरचेंज स्टेशन), पांडुरंग वाड़ी, मिरागांव (अमर पैलेस), काशीगांव (झंकार कंपनी), साईंबाबा नगर, मेदतिया नगर (दीपक अस्पताल), शहीद भगत सिंह गार्डन (मैक्सस मॉल), सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, MBMC स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इंद्रलोक हैं। पहला चरण दहिसर से काशीगांव तक खुलेगा।

भायंदर से अंधेरी 50 मिनट में

मीरा-भायंदर से मुंबई के उपनगर अंधेरी जाने वाले यात्रियों के लिए यह मेट्रो बेहद फायदेमंद होगी। वर्तमान में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से मीरा रोड से अंधेरी पहुंचने में पीक आवर्स में लगभग 90 मिनट लगते हैं। मेट्रो-9 शुरू होने पर यात्री मेट्रो-9, 7 और 2A के जरिए यही सफर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा कर सकेंगे। MMRDA का अनुमान है कि इससे यात्रा समय में 50% से 75% तक की बचत होगी। इससे भारी ट्रैफिक से राहत मिलेगी और प्रदूषण भी कम होगा।

अन्य मेट्रो से भी कनेक्ट

मेट्रो लाइन-9 आगे चलकर मेट्रो-3 (कोलाबा-बांद्रा-सीप्ज) और प्रस्तावित मेट्रो-10 (ठाणे की ओर) से भी जोड़ी जाएगी, जिससे ठाणे और दक्षिण मुंबई तक पहुंचना बेहद आसान हो जाएगा।

मेट्रो लाइन-9 का सीधा इंटरचेंज मेट्रो-7 (दहिसर पूर्व से अंधेरी पूर्व) और मेट्रो-2A (दहिसर पश्चिम से डीएन नगर) से होगा। दहिसर इंटरचेंज की वजह से यात्री अंधेरी, बांद्रा और दक्षिण मुंबई तक तेजी से पहुंच सकेंगे।

मुंबई की सीमा पार करने वाली इस लाइन की एक विशेषता इसका डबल-डेकर ब्रिज है। इसके ऊपरी डेक पर मेट्रो चलेगी, जबकि निचले डेक पर वाहनों के लिए फ्लाईओवर बनाया गया है, जिससे सड़क और रेल दोनों का ट्रैफिक सुधरेगा। मेट्रो-9 जहां मुंबई को पड़ोसी मीरा-भायंदर शहर से जोड़ रही है, वहीं दहिसर टोल नाका और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर वाहनों का बोझ कम करने में भी मदद करेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com