बेगमपुरा पुलिस की कार्रवाई: नकली नोट से ठगी का पर्दाफाश, 2 आरोपी हिरासत में लेकर छोड़े

Begampura Fake Currency Fraud: छत्रपति संभाजीनगर में बेगमपुरा पुलिस ने नकली नोट बनाकर ठगी की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया और ठगी में इस्तेमाल सामग्री जब्त की।
आर्थिक अपराध महाराष्ट्र, इनोवा कार ठगी, स्थानीय अपराध समाचार,fake currency fraud
Begampura police action (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chhatrapati Sambhajinagar Crime: बेगमपुरा पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नकली नोट छापकर लोगों से ठगी करने की साजिश को समय रहते विफल कर दिया। न्यू पहाड़सिंहपुरा क्षेत्र में छापा मारकर पुलिस ने दो आरोपियों-शेख फेरोज शेख रफीक (31, सुतार गली, बिलोली, जिला नांदेड़) और शेख वसीम शेख ताहेर (29, नाईकवाड़ी गली, बिलोली, जिला नांदेड़) को हिरासत में लिया था। तदुपरांत नोटिस देकर उन्हें छोड़ दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को 27 फरवरी को सूचना मिली थी कि एक सफेद इनोवा कार में सवार दो व्यक्ति नकली नोट तैयार करने का लालच देकर किसी को ठगने के उद्देश्य से क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम दोपहर करीब 2:30 बजे महादेव मंदिर क्षेत्र पहुंची और संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान ठगी में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद हुई।

नोटों पर लगाते थे आयोडीन

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे असली नोटों पर आयोडीन लगाकर उन्हें काला कर छिपाते थे। इसके बाद पीड़ित के सामने सफेद कागजों को रसायन में डुबोकर काला करने और प्लेट को विद्युत आपूर्ति देकर नोट बनाने का नाटक करते थे। बाद में रसायन से धोकर असली नोट दिखाया जाता था, जिससे लोगों का विश्वास जीतकर बड़ी रकम की ठगी की जाती थी।

समय रहते कार्रवाई से आर्थिक अपराध टला

आरोपी चार लाख रुपये के नकली नोट देने का वादा कर एक लाख रुपये ऐंठने की योजना बनाते थे। नोट तैयार करने के लिए अधिक सामग्री लाने का बहाना कर वे मौके से फरार हो जाते थे। समय पर कार्रवाई होने से बड़ा आर्थिक अपराध टल गया।

पुलिस ने 500 रुपये के नोटों के आकार के सफेद कागजों के चार बंडल, विद्युत बॉक्स (लाइट, बटन, प्लग व वोल्टेज मीटर सहित), आयोडीन की बोतल, विभिन्न रंगों की तारें, प्लेट और सफेद रासायनिक पाउडर सहित कुल 1,150 रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है। प्रकरण की जांच उपनिरीक्षक मारोति मदेवाड़ कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com