मुंबई मेट्रो-5 को मिली बड़ी कामयाबी, कशेली डिपो पहुंची पहली ट्रेन; ठाणे-कल्याण के यात्रियों को मिलेगी राहत

Mumbai Metro Line 5 Thane Bhiwandi Kalyan: मुंबई मेट्रो लाइन-5 के कशेली डिपो में पहली ट्रेन पहुंच गई है। ठाणे-भिवंडी-कल्याण कॉरिडोर के परीक्षण और नए साल से यात्री सेवा शुरू होने की राह आसान हो गई है।
Mumbai Metropolitan Region Development Authority Metro Update
मेट्रो ट्रेन सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मुंबई मेट्रो लाइन-5 की पहली ट्रेन कशेली डिपो पहुंच गई है।

  • यह कॉरिडोर ठाणे, भिवंडी और कल्याण को जोड़ेगा।

  • करीब 27 हेक्टेयर में फैले डिपो में 30 ट्रेन सेट रखने की क्षमता होगी।

  • नए साल से मेट्रो सेवा शुरू होने की संभावना जताई गई है।

Mumbai Metropolitan Region Development Authority Metro Update: मुंबई मेट्रो के ठाणे जिले के उपनगरों में विस्तार की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के कशेली डिपो में पहली मेट्रो ट्रेन पहुंच गई है।

इसे मेट्रो लाइन-5 यानी ठाणे-भिवंडी-कल्याण कॉरिडोर को यात्री सेवा के लिए तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। ट्रेन के आगमन के साथ ही इस महत्वाकांक्षी मेट्रो परियोजना के संचालन से जुड़ी तैयारियों को गति मिलने की उम्मीद है।

मेट्रो लाइन-5 के कशेली डिपो में पहली ट्रेन पहुंची

ठाणे, भिवंडी और कल्याण को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने वाली मेट्रो लाइन-5 में कशेली डिपो की भूमिका बेहद अहम होगी। इस डिपो में मेट्रो ट्रेनों को खड़ा करने, उनकी तकनीकी जांच, परीक्षण और नियमित रखरखाव का काम किया जाएगा।

मेट्रो सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए डिपो में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। एमएमआरडीए के अनुसार, मेट्रो ट्रेनों के आगमन को ध्यान में रखते हुए डिपो में कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

इनमें कोच लोडिंग और अनलोडिंग प्लेटफॉर्म के साथ अस्थायी निरीक्षण सुविधा शामिल है। इन व्यवस्थाओं के तैयार होने से डिपो में पहुंचने वाली ट्रेनों की पूरी निगरानी करने और उनकी प्रारंभिक तकनीकी जांच करने की प्रक्रिया शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है।

Mumbai Metropolitan Region Development Authority Metro Update
महाराष्ट्र के पंढरपुर कार्तिकी मेले के लिए रेलवे का बड़ा इंतजाम, 17 से 23 नवंबर तक चलेंगी 36 स्पेशल ट्रेनें

कशेली डिपो में लगभग 30 मेट्रो ट्रेन सेट रखने की क्षमता

करीब 27 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले कशेली डिपो में लगभग 30 मेट्रो ट्रेन सेट रखने की क्षमता होगी। यहां पांच निरीक्षण लाइनें, चार वर्कशॉप लाइनें और एक स्वतंत्र टेस्ट ट्रैक विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा मेट्रो ट्रेनों की नियमित सफाई के लिए विशेष सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

इन सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य मेट्रो ट्रेनों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा और परिचालन क्षमता को बनाए रखना है। निरीक्षण और रखरखाव की सुविधाओं के जरिए ट्रेनों को नियमित यात्री सेवा के लिए तैयार रखने में मदद मिलेगी।

परिवहन का एक नया विकल्प

मेट्रो लाइन-5 का पहला चरण शुरू होने से ठाणे, भिवंडी और कल्याण के बीच सार्वजनिक परिवहन का एक नया विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।

खासकर इन शहरों के बीच रोजाना यात्रा करने वाले यात्रियों को भविष्य में बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, पहली ट्रेन का डिपो में पहुंचना परियोजना की तैयारी का महत्वपूर्ण चरण है। संभावना है कि नए साल से इस रूट पर मेट्रों सेवा शुरू हो जाएगी।