

व्यस्त समय में ट्रेनों के बीच का अंतर 4 मिनट 25 सेकंड हुआ।
पहले दो मेट्रो ट्रेनों के बीच 4 मिनट 50 सेकंड का अंतर था।
23 जून 2026 को फेरे 282 और 28 सितंबर को 291 किए गए थे।
Aqua Line 46 Additional Services Daily: मुंबई मेट्रो-3 एक्वा लाइन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने मेट्रो के फेरों में बढ़ोतरी की है। सोमवार से कामकाजी दिनों में 46 अतिरिक्त फेरे शुरू किए गए हैं।
इससे मेट्रो के दैनिक फेरों की संख्या 291 से बढ़कर 337 हो गई है। इस फैसले से यात्रियों को कम इंतजार करना पड़ेगा और व्यस्त समय में भीड़ नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। एमएमआरसी के अनुसार आरे जेवीएलआर से कफ परेड तक पूरी मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद दैनिक फेरों की संख्या 271 निर्धारित की गई थी।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 23 जून 2026 को इसे बढ़ाकर 282 और 28 सितंबर 2026 को 291 किया गया था। अब 46 अतिरिक्त फेरे शुरू होने से कामकाजी दिनों में इनकी संख्या 337 पहुंच गई है।
नई समय-सारणी के तहत व्यस्त समय में दो मेट्रो ट्रेनों के बीच का अंतर 4 मिनट 50 सेकंड से घटाकर 4 मिनट 25 सेकंड कर दिया गया है। इस तरह यात्रियों को अब पहले के मुकाबले 25 सेकंड कम इंतजार करना होगा। इससे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ का दबाव कम करने और बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी।
शनिवार और रविवार को मेट्रो सेवाएं अलग सप्ताहांत समय-सारणी के अनुसार संचालित होंगी। मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन का कहना है कि यात्रियों की संख्या और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर सेवाओं में चरणबद्ध तरीके से बढ़ोतरी की जा रही है। भविष्य में भी यात्रियों के प्रतिसाद और सेवा की आवश्यकता के अनुसार फेरों व समय-सारणी में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।