Mulund West में 62 दुकानों पर बुलडोजर, मालाड-मुलुंड में मनपा की बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई

Illegal Encroachment: मुंबई के मालवणी अंबुजवाड़ी में 215 अवैध झोपड़ियां हटाकर 6,000 वर्गमीटर सरकारी जमीन मुक्त कराई गई, वहीं मुलुंड वेस्ट में 62 दुकानों पर बुलडोजर चला।
Mumbai Malvani Encroachment Demolition
मुंबई मालवणी अतिक्रमण विध्वंस (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai Malvani Encroachment Demolition: मुंबई के मालाड पश्चिम मालवणी स्थित अंबुजवाड़ी इलाके में सरकारी जमीन पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ कलेक्टर कार्यालय और बृहन्मुंबई मनपा (मनपा) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 215 अवैध झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया।

इस कार्रवाई के दौरान करीब 6,000 वर्ग मीटर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई सरकारी जमीन सर्वे नंबर 265 तथा एन।बी। नंबर 2841 और 3556 पर बने अवैध निर्माणों के खिलाफ की गई।

लंबे समय से इन भूखंडों पर अवैध झोपड़ियां बनाकर कब्जा किया गया था, जिससे सरकारी जमीन पर अतिक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा था। संयुक्त कार्रवाई में मनपा के अतिक्रमण विभाग, पुलिस बल तथा कलेक्टर कार्यालय के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।

मालवणी के अंबुजवाड़ी में की गई बड़ी कार्रवाई

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सरकारी जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण को रोकने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। इससे पूर्व भी पिछले सप्ताह अंबुजवाड़ी क्षेत्र में इसी तरह की बड़ी कार्रवाई की गई थी, जिसमें कई अवैध निर्माण हटाए गए थे। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे या बिना अनुमति निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी क्षेत्र में सरकारी जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने में प्रशासन को बड़ी सफलता मिली है।

मुलुंड वेस्ट की 62 दुकानों पर चला बुलडोजर

गिरिराज होटल के सामने पहले 33 दुकानों पर कार्यवाही हुई थी, मैकडोनाल्ड के सामने 17 दुकान आज फिर 62 दुकानों पर कार्रवाई की गई है। ये सभी दुकानें 50 साल पुरानी है। हमें उचित जगह पर विस्थापित नही किया जा रहा है। - ब्रिजेश शर्मा, (जीतू) मुलुंड दुकान मालिक

मुलुंड वेस्ट में स्टेशन के बाहर एक बार फिर मनपा ने कार्रवाई करते हुए 62 दुकानों को तोड़ दिया। इसके कुछ महीने पहले ही इसी जगह में 17 दुकानों को ध्वस्त किया गया था। दुकानदारों का कहना है कि हम लोग तकरीबन 50 साल से यहां पर धंधा कर रहे हैं कुछ लोगों को अतिक्रमण बात कर हटाया गया है, तो बाकी पात्र दुकानदारों को स्थाई तौर पर विस्थापित नहीं किया गया है।

विस्थापन के पहले ही दुकानों को तोड़ दिया गया। बता दें कि बुधवार को मनपा टी वार्ड के अतिक्रमण दस्ते ने रेलवे प्लेटफॉर्म नम्बर 1 बाहर 62 दुकानों पर बुलडोजर चला कर कार्यवाई की। एक दुकानदार ने बताया कि हमें अभी स्थाई तौर पर विस्थापित नहीं किया गया है, जहां पर विस्थापित भी किया जा रहा है वहां की जगह किसी योग्य नहीं है।

Navbharat Live
navbharatlive.com