

TV Media Hub Project Approved By Fadnavis News: मालाड स्थित आकाशवाणी (प्रसार भारती) की भूमि पर विश्वस्तरीय 'एकीकृत फिल्म और टेलीविजन मीडिया हब' विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र शासन और प्रसार भारती द्वारा संयुक्त रूप से विशेष उद्देश्य कंपनी (एसपीवी) के गठन को मंजूरी दे दी है।
यह परियोजना राज्य को मीडिया, फिल्म और मनोरंजन उद्योग का वैश्विक केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। वर्षा निवास पर आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में इस क्षेत्र पर एनडीजेड और सीआरजेड नियम लागू होने के कारण सीमित विकास ही संभव है। संपूर्ण विकास के लिए आवश्यक वैधानिक अनुमतियां, नियमों में बदलाव और विकास नियंत्रण नियमावली में संशोधन की जरूरत होगी।
राज्य सरकार इस प्रक्रिया में हर संभव सहयोग प्रदान करेगी, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने परियोजना की पूर्व-व्यवहार्यता रिपोर्ट, विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) और तकनीकी कार्यों को गति देने के लिए संयुक्त कार्यसमिति गठित करने के निर्देश दिए।
साथ ही जून माह के अंत तक परियोजना के सभी घटकों और विकास योजनाओं को अंतिम रूप देने को कहा। मालाड स्थित प्रसार भारती की कुल 278 एकड़ भूमि में से लगभग 150 एकड़ क्षेत्र पर फिल्म सिटी के साथ संयुक्त विकास प्रस्तावित है।
आकाशवाणी के अधिकांश प्रसारण एफएम प्रणाली पर स्थानांतरित होने के बाद उपलब्ध भूमि का उपयोग मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के विस्तार के लिए किया जाएगा। प्रस्तावित मीडिया हब में अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो, साउंड स्टेज, हॉस्पिटैलिटी, आईटी एवं आईटीईएस सुविधाएं, पर्यटन परियोजनाएं तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिल्म और संगीत प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए विदेशी प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों के साथ भी सहयोग किया जाएगा।