Mumbai News: मढ़-वर्सोवा केबल ब्रिज से 10 मिनट में होगा सफर, 2026 से निर्माण

Madh-Versova Cable-Stayed Bridge Project: मढ़-वर्सोवा केबल-स्टे ब्रिज फरवरी 2026 से बनेगा। 2395 करोड़ की इस परियोजना से यात्रा समय 1.5 घंटे से घटकर सिर्फ 10 मिनट रह जाएगा।
Madh-Versova Cable-Stayed Bridge Project
मढ़-वर्सोवा केबल-स्टे ब्रिज (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत देने की संभावना वाली मढ़-वर्सोवा केबल-स्टे ब्रिज परियोजना के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगत्ति हुई है। बीएमसी फरवरी 2026 से इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण की शुरुआत करने की तैयारी में है।

करीब 2,395 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस ब्रिज को केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद परियोजना स्थल पर प्रारंभिक सर्वेक्षण और मिट्टी की जांच का काम शुरू कर दिया गया है।

10 मिनट का रह जाएगा सफर

यह ब्रिज मढ़ जेट्टी रोड से शुरू होकर खाड़ियों के ऊपर से गुजरते हुए अंधेरी के वर्सोवा क्षेत्र में फिशरीज यूनिवर्सिटी रोड के पास जुड़ेगा। वर्तमान में वर्सोवा और मढ़ के बीच कोई सीधा मार्ग नहीं होने के कारण यात्रियों को लोखंडवाला, ओशिवारा, लिंक रोड या मार्वे रोड से होकर लंबा और समय लेने वाला सफर करना पड़ता है।

पीक आवर्स में यह यात्रा एक से डेढ़ घंटे तक खिंच जाती है। प्रस्तावित ब्रिज बनने के बाद करीब 18 से 20 किमी दूरी कम हो जाएगी और यात्रा समय मात्र 10 मिनट होगा। इससे वायु सेना क्षेत्र, आईएनएस हमला, मढ़, मार्वे, मालाड और कांदिवली की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

2029 तक पूरी की जाएगी यह परियोजना

  • 2.06 किलोमीटर लंबे इस पुल में 600 मीटर का केबल-स्टे हिस्सा होगा, जिसमें 300 मीटर का मुख्य स्पैन शामिल है।
  • इसके अलावा दहिसर-भायंदर कोस्टल रोड से जुड़ने वाला एक अतिरिक्त आर्म भी प्रस्तावित है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, वन विभाग से अंतिम मंजूरी और हाई कोर्ट की अनुमति मिलने के बाद पूर्ण स्तर पर काम शुरू होगा, परियोजना के 31 मार्च 2029 तक पूरा होने की उम्मीद है।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com