महिला यात्रियों के लिए मुंबई लोकल में विशेष ‘पिंक कोच’ की तैयारी, तीनों लाइनों पर लागू करने पर विचार

Local Train Service: महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा के लिए मुंबई की लोकल ट्रेनों में जल्द ‘पिंक कोच’ शुरू किए जा सकते हैं। राज्य सरकार इस प्रस्ताव पर काम कर रही है।
Pink Coach
पिंक कोच (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai Local Trains Pink Coach: महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सुविधाजनक यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुंबई की उपनगरीय लोकल ट्रेनों में जल्द ही विशेष 'पिंक कोच' शुरू किए जाने की संभावना है।

परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार राज्य सरकार जल्द ही इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए मुंबई रेलवे विकास कॉरपोरेशन (एमआरवीसी) को पत्र भेज सकती है। यह पहल सेंट्रल, वेस्टर्न और हार्बर तीनों उपनगरीय रेल लाइनों पर लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

मुंबई की लोकल ट्रेनें शहर की लाइफलाइन मानी जाती हैं, जिनमें रोजाना लाखों महिलाएं काम, शिक्षा और अन्य कारणों से सफर करती हैं। हालांकि पीक ऑवर के दौरान महिलाओं को भारी भीड़, धक्का-मुक्की, सीमित जगह और कई बार अनुचित व्यवहार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रस्तावित 'पिंक कोच' का उद्देश्य महिलाओं को अधिक सुरक्षित, सम्मानजनक और अपेक्षाकृत आराम दायक यात्रा का माहौल उपलब्ध कराना है।

चित्रा वाघ ने की थी मांग

इससे पहले वेस्टर्न रेलवे ने एसी लोकल ट्रेनों में महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बों के अंदरूनी हिस्से को गुलाबी रंग से सजाने का प्रयोग किया था, जिसे महिला यात्रियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी। इसके बाद विधायक चित्रा वाघ ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते हुए समर्पित 'पिंक कोच' शुरू करने की मांग उठाई थी।

इस प्रस्ताव को लेकर हाल ही में एक बैठक भी हुई है। माना जा रहा है कि मुंबई अर्बन ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट (एमयूटीपी) के तहत खरीदी जा रही नई लोकल ट्रेनों में महिलाओं के आरक्षित डिब्बों को गुलाबी रंग में रंगने और विशेष संकेतों के साथ अलग पहचान देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com