

रविवार को मध्य रेल पर मेगा ब्लॉक
सेंट्रल और हार्बर लाइन प्रभावित
15 नवंबरको कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी
मुख्य लाइन की लोकल ट्रेनें 10 मिनट की देरी से चलेंगी
कुछ को फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।
Mumbai Local Harbor Line Block 15 November: मुंबई की उपनगरीय रेल सेवाओं से सफर करने वाले यात्रियों के लिए रविवार का दिन मुश्किल भरा हो सकता है। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा 15 नवंबर को विभिन्न इंजीनियरिंग और रखरखाव संबंधी कार्यों के लिए मुख्य लाइन और हार्बर लाइन पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान ठाणे-कल्याण तथा पनवेल-वाशी रेलखंडों पर लोकल ट्रेनों की सेवाएं प्रभावित रहेंगी। कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।
मुख्य लाइन पर ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन धीमी लाइनों पर सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान मुलुंड से सुबह 10.43 बजे से दोपहर 3.53 बजे तक रवाना होने वाली डाउन धीमी और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को मुलुंड-कल्याण के बीच डाउन फास्ट लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें ठाणे, कलवा, मुंब्रा, दिवा और डोंबिवली स्टेशनों पर रुकेंगी।
वहीं, कल्याण से सुबह 10.36 बजे से दोपहर 3.51 बजे तक रवाना होने वाली अप धीमी और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को अप फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। इनका ठहराव डोंबिवली, दिवा, मुंब्रा, कलवा और ठाणे स्टेशनों पर होगा।
ठाणे से चलने वाली लोकल ट्रेनें डाउन धीमी लाइन पर निर्धारित मार्ग से चलेंगी। इसके अलावा सीएसएमटी से सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच चलने वाली और वहां पहुंचने वाली अप एवं डाउन धीमी लोकल ट्रेनें भी 10 मिनट देरी से संचालित होंगी।
हार्बर लाइन पर पनवेल और वाशी के बीच अप एवं डाउन लाइनों पर सुबह 11.05 बजे से शाम 4.05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। पोर्ट लाइन इससे प्रभावित नहीं होगी। पनवेल से सुबह 10.33 बजे से दोपहर 3.49 बजे तक सीएसएमटी जाने वाली तथा सीएसएमटी से सुबह 9.45 बजे से दोपहर 3.12 बजे तक बेलापुर और पनवेल जाने वाली हार्बर लोकल रद्द रहेंगी।
ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी पनवेल से सुबह 11.02 बजे से दोपहर 3.53 बजे तक ठाणे जाने वाली और ठाणे से सुबह 10.01 बजे से दोपहर 3.20 बजे तक पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी।
ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी-वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं, ठाणे-वाशी और ठाणे-नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर लोकल उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन की सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी रहेंगी।
ट्रैक, सिग्नलिंग तथा ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव कार्य हेतु पश्चिम रेलवे द्वारा उपनगरीय खंड पर शनिवार/रविवार की मध्यरात्रि, अर्थात 14/15 नवंबर की रात को पश्चिम रेलवे के वसई रोड एवं वैतरणा स्टेशनों के बीच जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा।
वसई रोड और वैतरणा स्टेशनों के बीच अप फास्ट लाइन पर रात 11:55 बजे से 2:55 बजे तक तथा डाउन फास्ट लाइन पर रात 1:30 बजे से सुबह 4:30 बजे तक यह जम्बो ब्लॉक लिया जाएगा। हालांकि रविवार को दिन के समय पश्चिम रेलवे पर कोई ब्लॉक नहीं होगा।