मयंक लोहार हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, सीसीटीवी और मोबाइल ट्रैकिंग से आरोपी रोशन सुवर्णा गिरफ्तार

Mayank Lohar Murder Case Update: मुंबई लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी रोशन सुवर्णा को पनवेल से गिरफ्तार कर लिया।
Mayank Lohar Murder Case Accused Arrested
मयंक लोहार मर्डर केस में रोशन सुवर्णा की हुई गिरफ्तारी (सौ. डिजाइन फोटो )
Published on: 
Updated on: 

Mayank Lohar Murder Case Accused Arrested News: मुंबई की लोकल ट्रेन में दरवाजा बंद करने के विवाद में हुई, 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।

तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी रोशन सुवर्णा (30) को पनवेल से गिरफ्तार कर लिया। बोरीवली मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेशी के बाद अदालत ने आरोपी को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।

हथियार अभी भी बरामद नहीं हुआ

घटना मंगलवार देर रात चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल में हुई। बारिश के कारण यात्रियों ने मयंक से ट्रेन का दरवाजा बंद करने को कहा। जब मयंक ने दरवाजा बंद करने की कोशिश की, तो वहां खड़े सुवर्णा ने इसका विरोध किया।

विवाद बढ़ने पर यात्रियों ने बीच-बचाव किया और सुवर्णा को डाटा, जिससे वह भड़क गया। गुस्से में सुवर्णा ने अपने बैग से घरेलू चाकू निकाला और मयंक पर जानलेवा हमला कर दिया, जांचकर्ताओं ने अदालत को बताया कि इस्तेमाल हथियार अभी तक बरामद नहीं किया जा सका है।

मोबाइल ट्रैक कर सुवर्णा को पनवेल से दबोचा

बोरीवली जीआरपी ने स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे पता चला कि आरोपी ऑटो से मीरा रोड स्थित अपने घर पहुंचा था। पुलिस जब उसके घर पहुंची, तो पिता बाबू सुवर्णा ने फुटेज देखकर बेटे की पहचान की और बताया कि वह पनवेल स्थित अपने मामा के घर गया है।

पुलिस ने मोबाइल ट्रैक कर बुधवार शाम सुवर्णा को पनवेल से दबोच लिया। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय खुपरकर के मुताबिक, आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है, लेकिन वह चाकू फेंकने की जगह बताने में सहयोग नहीं कर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com