मुंबईकरों के लिए खुशखबरी: झीलों में भरा 88% पानी, 15 अगस्त से पहले खत्म हो सकती है पानी की कटौती

Mumbai Lakes Water Level: मुंबई में जारी मूसलाधार बारिश से जलापूर्ति करने वाली झीलें 86% से अधिक भर चुकी हैं। 3 झीलें ओवरफ्लो हैं। अगस्त के पहले हफ्ते में बीएमसी पानी कटौती हटाने पर फैसला लेगी।
Mumbai Lakes Water Level
मोडक सागर डैम (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Water Supply Update: मायानगरी मुंबई और इसके आसपास के जलग्रहण क्षेत्रों में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते मुंबईकरों के लिए बहुत बड़ी राहत की खबर आई है। शहर को सालभर पानी देने वाले सातों प्रमुख जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बीएमसी के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 27 जुलाई सुबह 6 बजे तक सातों जलाशयों में कुल 12,79,534 मिलियन लीटर (MLD) पानी जमा हो चुका है। यह सातों झीलों की कुल उपयोगी जलसंग्रहण क्षमता 14,47,363 एमएल का 88.40% में प्रतिशत है। पिछले 24 घंटों में जलाशय का स्टॉक 2.22% बढ़ा है।

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, झीलों लगातार बढ़ रहे पानी के भंडार को देखते हुए मुंबई में लागू जल कटौती को लेकर अगस्त के पहले सप्ताह में निर्णय लिया जाएगा। वर्तमान में घरेलू जलापूर्ति में 10 प्रतिशत और औद्योगिक क्षेत्र में 20 प्रतिशत पानी की कटौती लागू है।

बीएमसी के अनुसार, विहार, तुलसी और मोडक सागर जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं। तानसा झील में 98.93 प्रतिशत, मिडिल वैतरणा में 91.21 प्रतिशत, भातसा में 86.86 प्रतिशत और अपर वैतरणा में 75.76 प्रतिशत जलसंग्रहण दर्ज किया गया है। बीते 24 घंटों में मिडिल वैतरणा के जलस्तर में सबसे अधिक 1.90 मीटर की वृद्धि हुई। भातसा का जलस्तर 0.50 मीटर, अपर वैतरणा का 0.24 मीटर और तानसा का 0.01 मीटर बढ़ा।

मुंबईवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी

दूसरी ओर, विहार और तुलसी में क्रमशः 0.06 मीटर और 0.04 मीटर की मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन दोनों जलाशय अपनी पूरी क्षमता तक भरे हुए हैं। जलाशयों के कैचमेंट क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। पिछले 24 घंटे में अपर वैतरणा में 80 मिमी, मिडिल वैतरणा में 113 मिमी, मोडक सागर में 63 मिमी, तानसा में 35 मिमी, भातसा में 31 मिमी, तुलसी में 17 मिमी और विहार में 8 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

जलस्तर और बारिश की स्थिति पर नजर

पिछले वर्ष इसी तारीख को सातों झीलों में 88.81 प्रतिशत पानी उपलब्ध था, जबकि 2024 में यह आंकड़ा 71.02 प्रतिशत था। हालांकि, इस वर्ष लगातार जारी बारिश के कारण जलाशयों का स्तर तेजी से सुधर रहा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, झीलों में पानी का भंडार तेजी से बढ़ा है, लेकिन प्रशासन अगले 7 से 8 दिनों तक जलस्तर और बारिश की स्थिति पर नजर रखेगा। इसके बाद एक बैठक आयोजित कर पानी की कटौती को लेकर अंतिम फैसला लिया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि यदि आने वाले दिनों में जलाशय पूरी तरह भर जाते हैं, तो 15 अगस्त से पहले मुंबई में लागू पानी की कटौती समाप्त की जा सकती है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल झीलों में जमा पानी मुंबई की नियमित जलापूर्ति के लिए पर्याप्त है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com