

Speeding Car Hits Woman Policeman: मुंबई के खार स्टेशन रोड के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से 19 वर्षीय महिला, एक पुलिस कांस्टेबल समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह घटना 21 सितंबर को हुई।
कार ने सबसे पहले सड़क किनारे खड़ी 19 वर्षीय महिला को टक्कर मारी, जिससे वह सड़क पर गिर गई। इसके बाद मौके पर मौजूद एक पुलिस कांस्टेबल ने कार को रोकने का प्रयास किया।
आरोप है कि कार चालक ने वाहन नहीं रोका और कांस्टेबल समेत आसपास मौजूद दो-तीन अन्य लोगों को भी टक्कर मार दी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए पास के भाभा अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार कार ने आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी दो-तीन ऑटो रिक्शाओं को भी टक्कर मार दी। इनमें से एक ऑटो को टक्कर मारने के बाद कार रुक गई। हादसे के दौरान कार के पीछे बैठा एक व्यक्ति बाद में वाहन से बाहर निकल गया।
दुर्घटना में तीन लोगों के घायल होने के साथ कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की सूचना मिलने के बाद खार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना से ठीक पहले वाहन किस स्थिति में था और टक्कर की परिस्थितियां क्या थीं। साथ ही वाहन में सवार अन्य लोगों की भूमिका और घटना के दौरान उनकी गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मामले में गोरेगांव निवासी 36 वर्षीय चालक दिनेश यादव और मलाड पश्चिम निवासी 50 वर्षीय व्यापारी तथा वाहन मालिक मेहुल प्रवीणचंद्र जोशी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125(बी), 132, 281, 324(4) और 3(5) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने चालक दिनेश यादव को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, वाहन मालिक मेहुल जोशी को पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस दिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, वाहन मालिक की भूमिका और टक्कर से पहले की घटनाओं की जांच कर रही है। घायल लोगों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।