

Mumbai Kathgodam Superfast Express News: मुंबई, रेल यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाने वाली कई स्पेशल ट्रेनों को नियमित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पश्चिम रेलवे द्वारा मुंबई सेंट्रल और काठगोदाम के बीच नियमित रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंबई सेंट्रल और काठगोदाम के बीच चलने वाली साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 09075/09076 को रेगुलर करने का निर्णय लिया गया है।
यह नियमित सेवा संशोधित ट्रेन संख्या 21907/21908 मुंबई सेंट्रल- काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिचालित की जाएगी। पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ विनीत अभिषेक के अनुसार 21907 मुंबई सेंट्रल -काठगोदाम साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 27 मई से मुंबई सेंट्रल से प्रारंभ होगी, जबकि ट्रेन संख्या 21908 काठगोदाम -मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक सुपरफास्ट एक्सप्रेस की नियमित सेवा 28 मई से काठगोदाम से प्रारंभ होगी।
21907 मुंबई सेंट्रल- काठगोदाम साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को मुंबई सेंट्रल से 10:55 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 1:50 बजे काठगोदाम पहुंचेगी। इसी प्रकार 21908 काठगोदाम- मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को काठगोदाम से शाम 5:30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 9 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी।
यह ट्रेन दोनों दिशाओं में बोरीवली, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा, रतलाम, शामगढ़, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली जं., बरेली सिटी, इज्जतनगर, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं तथा हल्द्वानी स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, शयनयान तथा द्वितीय श्रेणी के सामान्य डिब्बे होंगे। ट्रेन संख्या 09075/09076 मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम-मुंबई सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल में आरक्षण कराने वाले यात्रियों से अपील है कि संशोधित ट्रेन संख्याओं को ध्यान में रखें, क्योंकि यह ट्रेन उपर्युक्त तिथियों से ट्रेन संख्या 21907/21908 के रूप में परिचालित की जाएगी।