

Mumbai International Airport Drug Seizure: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के प्रयास को नाकाम कर दिया।
अधिकारियों ने लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली सामग्री जब्त की है। इस मामले में नालासोपारा निवासी एक मां और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है।
दोनों यात्री बैंकॉक से लौट रहे थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें रोककर जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान उनके जवाब संतोषजनक नहीं पाए गए, जिसके बाद उनके सामान की गहन तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को खाद्य पदार्थों के पैकेटों में छिपाकर लाई गई नशीली सामग्री मिली। कुल 7,937 ग्राम हाइड्रोपोनिक भांग को 40 अलग-अलग प्लास्टिक पैकेटों में भरकर चतुराई से छिपाया गया था। पैकेट खोलने पर उससे निकलने वाली तीखी गंध ने संदेह को पुख्ता कर दिया।
जब्त की गई यह सामग्री नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत प्रतिबंधित श्रेणी में आती है। कस्टम विभाग ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच के बाद अब एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन शामिल है और क्या इसका संबंध किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह से है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।