मुंबई में नहीं रुक रहा हिट एंड रन का सिलसिला, BMW ने युवक को मारी टक्कर, मौत
इससे पहले नौ जुलाई को वर्ली में एनी बेसेंट रोड पर तेज गति से जा रही एक बीएमडब्ल्यू ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी, जिसमें कावेरी नखवा की मौत हो गई थी और उसका पति प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था।
- Written By: किर्तेश ढोबले
मुंबई: मुंबई में हिट एंड रन का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वर्ली इलाके में तेज गति से जा रही बीएमडब्ल्यू कार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए 28 वर्षीय व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा खान अब्दुल गफ्फार खान रोड पर वर्ली सीफेस में 20 जुलाई को हुआ था। तब विनोद लाड ठाणे स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी से अपने घर लौट रहे थे। इस कंपनी में वह सुपरवाइजर थे। विनोद यहां अपने चचेरे भाई के साथ रहते थे। अधिकारी ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने लाड को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को भी सूचना दी।
इलाज के दौरान पीड़ित ने तोड़ा दम
अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में उनकी मौत हो गई। हमने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जो दुर्घटना के समय अपने नियोक्ता को वर्ली स्थित एक पांच सितारा होटल ले जा रहा था। पहले उस पर लापरवाही से गाड़ी चलाकर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया गया था, लेकिन अब हमने लापरवाही से गाड़ी चलाकर मौत का कारण बनने से संबंधित धारा जोड़ दी है।”
सम्बंधित ख़बरें
Bharat Bhagya Vidhaata Day 2: कंगना की ‘भारत भाग्य विधाता’ को नहीं मिला दर्शकों का साथ, कमाई ने बढ़ाई चिंता
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: टिकट बंटवारे पर कांग्रेस में घमासान, यशोमती और सपकाल के बीच आरोप-प्रत्यारोप
गोंदिया के 96 गांव बाढ़ के रेड जोन में, छह नदियों से बैकवाटर का खतरा बढ़ा
Gemini से रची गई दुनिया की बड़ी डिजिटल ठगी! Google ने 9000 फर्जी वेबसाइट बनाने वाले चीनी गिरोह पर किया मुकदमा
BMW हादसे में गई था महिला की जान
इससे पहले नौ जुलाई को वर्ली में एनी बेसेंट रोड पर तेज गति से जा रही एक बीएमडब्ल्यू ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी थी, जिसमें कावेरी नखवा की मौत हो गई थी और उसका पति प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोपी मिहिर शाह, उसके पिता और उसके पारिवारिक वाहन चालक को साक्ष्य नष्ट करने और जांचकर्ताओं को धोखा देने के कथित प्रयास तथा अन्य अपराधों के लिए गिरफ्तार किया गया। 22 जुलाई को शहर के उत्तर पूर्वी छोर मुलुंड में तेज गति से आ रही ऑडी कार ने दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी थी, जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे।
पुणे में हुई थी दो लोगों की मौत
19 मई को पुणे के कल्याणी नगर क्षेत्र में नशे की हालत में एक नाबालिग द्वारा चलाई जा रही पोर्श कार ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें मध्य प्रदेश के दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड द्वारा नरम शर्तों पर जमानत देने और पुलिस जांच में शराब परीक्षण के लिए रक्त के नमूनों की अदला-बदली सहित साक्ष्यों को नष्ट करने के कई प्रयास किए जाने के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
