लश्कर-ए-जिहादी के नाम पर फैलाई अफवाह, मुंबई में आतंकी हमले की धमकी देने वाला नोएडा से गिरफ्तार

Mumbai News: मुंबई ट्रैफिक पुलिस को आतंकी हमले की झूठी धमकी देने वाला अश्विनी नोएडा से गिरफ्तार। लश्कर-ए-जिहादी और 400 किलो RDX की फर्जी सूचना भेजी थी।
mumbai-fake-terror-threat-accused ashwini-arrested-from noida
धमकी देने वाला आरोपी (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Bomb Blast Warning: मुंबई ट्रैफिक पुलिस को व्हाट्सएप पर आतंकी हमले की झूठी धमकी देने वाले आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान अश्विनी के रूप में हुई है। नोएडा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मुंबई पुलिस को सौंप दिया है।

पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर एक संदेश भेजा था। इस संदेश में दावा किया गया था कि लश्कर-ए-जिहादी के 14 आतंकवादी मुंबई में घुस आए हैं और 34 वाहनों में 400 किलोग्राम आरडीएक्स लगाकर बड़े विस्फोट की साजिश रच रहे हैं, जिससे भारी जनहानि हो सकती है।

नाेएडा पुलिस ने किया गिरफ्तार

धमकी भरे संदेश के बाद, मुंबई पुलिस ने तुरंत जाँच शुरू कर दी। तकनीकी जाँच और साइबर ट्रैकिंग के ज़रिए संदिग्ध के बारे में जानकारी जुटाई गई। जाँच में सामने आए तथ्यों के आधार पर, मुंबई पुलिस ने नोएडा पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद नोएडा पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की और कार्रवाई करते हुए आरोपी अश्विनी को गिरफ्तार कर लिया।

मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर पर भेजे गए संदेश में दावा किया गया था कि 34 वाहनों में बम लगाए गए हैं और 400 किलो आरडीएक्स के विस्फोट से पूरा मुंबई शहर दहल जाएगा। संदेश में 'लश्कर-ए-जिहादी' नामक संगठन का ज़िक्र था और कहा गया था कि इस विस्फोट से 1 करोड़ लोगों की जान जा सकती है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

यह पहली बार नहीं है जब ऐसी धमकी दी गई हो। इससे पहले, 22 अगस्त को मुंबई के गिरगांव स्थित इस्कॉन मंदिर को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। यह धमकी भरा ईमेल इस्कॉन मंदिर की आधिकारिक ईमेल आईडी पर आया था। सूचना के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुँच गया और पूरे मंदिर परिसर की गहन जाँच की गई। हालाँकि, जाँच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com