दुबई की जंग से बचकर मुंबई लौटा युवक, एयरपोर्ट के बाहर 'नकली पुलिस' ने सरेआम लूटे 53 हजार रुपए

Mumbai Crime News: दुबई में युद्ध जैसे हालात से बचकर मुंबई लौटे युवक के साथ एयरपोर्ट के पास बड़ी ठगी हो गई। दो अज्ञात बदमाशों ने 'पुलिस' बनकर युवक से 53,000 रुपए लूट लिए।
mumbai crime dubai return man cheated fake police vile parle
मुंबई एयरपोर्ट (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Fake Police Robbery: आर्थिक राजधानी मुंबई में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला साहर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सामने आया है, जहाँ दुबई में युद्ध जैसे संकटपूर्ण हालात से बचकर भारत लौटे एक 28 वर्षीय युवक को ठगी का शिकार होना पड़ा। खुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले दो अज्ञात बदमाशों ने युवक को डरा-धमकार उसकी गाढ़ी कमाई के 53,000 रुपये (भारतीय रुपये और यूएई दिरहम) लूट लिए और फरार हो गए।

कौन है पीड़ित और क्या है मामला?

पीड़ित की पहचान बबलू खान के रूप में हुई है, जो कुर्ला पूर्व के नेहरू नगर का निवासी है। बबलू का परिवार पिछले दो दशकों से समोसे बनाने का व्यवसाय कर रहा है। बेहतर भविष्य की तलाश में बबलू जनवरी 2026 में दुबई गया था, लेकिन वहां जारी युद्ध जैसी स्थितियों के कारण उसने वापस वतन लौटने का फैसला किया। 26 मार्च को सुबह करीब 9 बजे वह छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) पर उतरा।

फिल्मी अंदाज में रोका ऑटो

सुबह करीब 10 बजे बबलू ने कुर्ला जाने के लिए मुंबई एयरपोर्ट के बाहर से एक ऑटो रिक्शा लिया। यात्रा शुरू होने के महज पांच मिनट के भीतर, विले पार्ले वेस्ट में होटल जेडब्ल्यू मैरियट के पास एक काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों ने ऑटो को रुकवाया। उनमें से एक आरोपी ऑटो के अंदर घुस गया और खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए बबलू की तलाशी लेने की जिद करने लगा।

जब बबलू ने उनसे पहचान पत्र (ID Card) मांगा, तो आरोपियों ने पहचान दिखाने से इनकार कर दिया और रौब झाड़ने लगे। घबराहट और भरोसे में आकर बबलू ने अपनी जेब में रखे 1,500 भारतीय रुपये और 2,000 यूएई दिरहम (कुल कीमत लगभग 53,000 रुपये) उन्हें सौंप दिए।

पुलिस स्टेशन आने का झांसा देकर हुए फरार

आरोपियों ने बड़ी चालाकी से बबलू से कहा कि यह पैसा पुलिस स्टेशन में जमा किया जा रहा है और वह वहां आकर इसे वापस ले ले। इसके बाद आरोपी तेजी से साकीनाका की ओर भाग निकले। लंबी अंतरराष्ट्रीय यात्रा की थकान के कारण बबलू तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सका, लेकिन होश संभालने और ठगी का अहसास होने पर उसने साहर पुलिस से संपर्क किया। साहर पुलिस ने शनिवार को इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com