फोटो- AI
Goregaon Drug Overdose Case: मायानगरी मुंबई की चकाचौंध और थिरकती धड़कनों के बीच एक बुरी खबर सामने आई है। गोरेगांव के नेस्को ग्राउंड में सजी महफिल दो हंसते-खेलते परिवारों के लिए जिंदगी भर का गम बन गई। वहां बजता तेज संगीत और झूमते पैर अचानक तब थम गए जब नशे की एक जानलेवा खुराक ने दो नौजवानों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।
यह घटना 11 अप्रैल की देर रात की है, जब गोरेगांव पूर्व स्थित नेस्को वेयरहाउस में इटली के मशहूर कलाकारों का एक हार्ड टेक्नो कॉन्सर्ट चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में करीब 3,000 से 4,000 युवाओं की भारी भीड़ जुटी थी। इनमें दक्षिण मुंबई के एक नामी मैनेजमेंट कॉलेज के 15 दोस्तों का एक समूह भी शामिल होने पहुंचा था।
मस्ती के बीच अचानक इस ग्रुप के तीन सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी और वहां अफरातफरी मच गई। इनमें 24 साल का एक युवक और उसी की उम्र की एक युवती शामिल थी। बताया जा रहा है कि दोनों एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। जैसे-जैसे रात बीती, उनकी हालत नाजुक होती गई और उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया।
शुरुआती जांच के मुताबिक, इन छात्रों ने हार्ड टेक्नो कॉन्सर्ट में शामिल होने से पहले कथित तौर पर खतरनाक ड्रग का सेवन किया था। नशे की अधिक मात्रा या ओवरडोज के कारण उनका शरीर इस दबाव को झेल नहीं पाया और उनकी स्थिति बिगड़ने लगी।
इलाज के दौरान 12 अप्रैल की सुबह युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि उसकी साथी छात्रा की मौत सोमवार दोपहर को हुई। इस बीच एक अन्य छात्रा की हालत अब भी काफी चिंताजनक बनी हुई है और वह आईसीयू में जीवन और मौत के बीच जूझ रही है।
इस सनसनीखेज मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई की और अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में मृतकों के दो दोस्त और कॉन्सर्ट के आयोजन से जुड़े तीन लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ गैर इरादतन हत्या जैसी गंभीर धाराएं लगाई हैं। अधिकारी अब इस बात की तहकीकात कर रहे हैं कि आखिर इतनी कड़ी सुरक्षा के बावजूद मौके पर नशीले पदार्थ कैसे पहुंचे और इसके पीछे सप्लायर कौन है।
यह भी पढ़ें: Maharashtra Government का बड़ा फैसला, MPSC परीक्षा होगी आसान, भर्ती प्रक्रिया में सुधार
मृतकों के खून के सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं ताकि मौत की असली वजह की पुष्टि हो सके। इस घटना के बाद अब मुंबई जैसे शहरों में होने वाले बड़े संगीत आयोजनों के लिए कड़े नियमों और गहन जांच की मांग जोर पकड़ने लगी है।