

Maharashtra Local Body Election: मुंबई महानगरपालिका की सत्ता के लिए महायुति ने पूरी ताकत झोंक दी है। महायुति के प्रमुख घटक दल भाजपा और शिवसेना (शिंदे गुट) के बीच 227 में से 150 सीटों पर सहमति बन गई है।
यह अहम घोषणा मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम और शिवसेना नेता उदय सामंत ने संयुक्त पत्रकार परिषद में की। गौरतलब है कि फिलहाल इस सीट-बंटवारे में राकांपा (अजीत गुट) को जगह नहीं दी गई है, जिससे राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पत्रकार परिषद में बोलते हुए अमित साटम ने ठाकरे बंधुओं पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि मुंबई का रंग बदलने और मुंबईकरों की अस्मिता से खेलने वालों को इस चुनाव में पराजित किया जाएगा। साटम ने स्पष्ट किया कि मुंबई के विकास और भ्रष्टाचार के खिलाफ भाजपा-शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने बताया कि मुंबई सहित राज्य की 29 मनपाओं के लिए 15 जनवरी 2026 को मतदान होगा। जबकि 16 जनवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। साटम ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका किसी एक परिवार की जागीर नहीं है।
उम्मीदवारों को लेकर अभी चर्चा नहीं हुई है, लेकिन धनुष-बाण और कमल एक ही हैं, हम राजनीति से ज्यादा मुंबईकरों की चिंता करते हैं। साटम ने कहा कि नवाब मलिक के नेतृत्व वाली राकां से हमारा कोई लेना-देना नहीं है।
नवाब मलिक पर गंभीर आरोप हैं। जब तक वे निर्दोष साबित नहीं होते, तब तक हम उनके साथ किसी तरह का संबंध नहीं रखेंगे। यदि भविष्य में राष्ट्रवादी अपनी भूमिका बदलती है, तो उसका स्वागत किया जाएगा।
अमित साटम ने कहा कि मुंबई मनपा के 227 वार्डों में से 150 सीटों पर भाजपा-शिवसेना की सहमति हो चुकी है। शेष 77 सीटों पर अगले दो दिनों में चर्चा कर घोषणा की जाएगी। मुंबईकरों की इच्छा है कि महानगरपालिका को भ्रष्टाचार मुक्त्त प्रशासन मिले। हमें विश्वास है कि 150 से अधिक सीटें जीतकर मुंबईकरों का महापौर बनेगा, उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग अपने वोट बैंक के लिए मुंबई का रंग बदलने की कोशिश कर रहे है। और ऐसे प्रयासों को नाकाम किया जाएगा।