Mumbai BMC Budget 2026-27 को मंजूरी: 80,952 करोड़ के प्रस्ताव पर 94 घंटे चर्चा के बाद मुहर
Mumbai BMC Budget 2026-27: मुंबई महानगरपालिका के 80,952 करोड़ रुपये के बजट को लंबी बहस के बाद मंजूरी मिल गई। 12 दिन तक चली चर्चा में 188 नगरसेवकों ने भाग लिया।
- Written By: अपूर्वा नायक
मुंबई महानगरपालिका (सोर्स: सोशल मीडिया)
Mumbai BMC Budget 2026-27 Approved: एशिया की सबसे समृद्ध महानगरपालिका मानी जाने वाली बीएमसी के वर्ष 2026-27 के लिए 80,952 करोड़ रुपये के बजट को गुरुवार देर रात आखिरकार मंजूरी दे दी गई।
लगातार 12 दिनों और रिकॉर्ड 94 घंटे तक चली लंबी चर्चा के बाद, आयुक्त अश्विनी भिडे और महापौर रितु तावड़े के भाषणों के उपरांत रात 1 बजे इस बजट पर अंतिम मुहर लगी।
हालांकि, निधियों के असमान वितरण का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने सदन से बहिर्गमन किया, जिससे अंतिम क्षणों में सदन में राजनीतिक टकराव भी देखने को मिला। इस वर्ष चुनावों के कारण बजट प्रक्रिया में देरी हुई। हर साल 4 फरवरी को प्रस्तुत किया जाने वाला बजट इस बार 20 दिन की देरी से स्थायी समिति के समक्ष रखा गया।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में उत्सव के साथ सेवा, महाराष्ट्र दिवस पर 100 महिलाओं को सिलाई मशीन; आत्मनिर्भरता की पहल
Mumbai Hotel Industry: मुंबई में वड़ा पाव से चाय तक महंगा, कमर्शियल गैस कीमतों ने बढ़ाई रेस्तरां की मुश्किलें
मुंबई: अब छिप नहीं सकेगा नकली पनीर, खाने में पारदर्शिता जरूरी; महाराष्ट्र में नया नियम लागू
Mumbai Minor Molestation Case: वर्ली में नाबालिग से दुष्कर्म की कोशिश, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी गिरफ्तार
15 अप्रैल को महासभा में चर्चा के लिए किया पेश
इसके बाद 6 अप्रैल को स्थायी समिति की मंजूरी मिलने पर 15 अप्रैल से इसे महासभा में चर्चा के लिए पेश किया गया। 30 अप्रैल की मध्यरात्रि को अंततः बजट के आय पक्ष को मंजूरी दी गई सामान्यतः नया बजट 1 अप्रैल से लागू होता है, लेकिन इस बार पूरी प्रक्रिया में देरी के कारण मुंबईवासियों को नए बजट के लिए एक महीने का इंतजार करना पड़ा।
इस बार की चर्चा की सबसे बड़ी खासियत बीएमसी के कामकाज का ‘लाइव प्रसारण रहा। मुंबई महानगरपालिका के इतिहास में पहली बार बजट पर चर्चा का यूट्यूब के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। इससे मुंबईवासियों को यह देखने का मौका मिला कि उनके क्षेत्र के नगरसेवक किन मुद्दों को उठा रहे हैं और बजट पर उनकी कितनी तैयारी है। इस लंबी वर्चा में 188 नगरसेवकों ने भाग लेकर अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों पर विचार रखे।
महापौर रितु तावड़े ने सभी सदस्यों का जताया आभार
चर्चा के दौरान सदन के नेता गणेश खणकर, स्थायी समिति के अध्यक्ष प्रभाकर शिंदे, शिवसेना गुटनेता अमेय घोले और विपक्ष की नेता किशोरी पेडणेकर सहित सभी दलों के पार्षद मौजूद रहे। सुबह 11 बजे से लेकर देर रात तक चलने वाले इस कामकाज के लिए बीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी भी पूरी तरह तैनात रहे।
चर्चा के समापन पर महापौर रितु तावड़े ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुंबई के हर कोने से आकर देर रात तक उत्साह और तैयारी के साथ सुझाव रखने वाले नगरसेवकों के कारण ही यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया सफल हो सकी।
ये भी पढ़ें :- Mumbai Hotel Industry: मुंबई में वड़ा पाव से चाय तक महंगा, कमर्शियल गैस कीमतों ने बढ़ाई रेस्तरां की मुश्किलें
बजट की प्रमुख विशेषताएं
- रिकॉर्ड चर्चाः बजट पर कुल 188 नगरसेवकों ने अपनी राय रखी। इसके लिए लगातार 12 दिनों तक चर्चा चली।
- लाइव प्रसारणः पहली बार यूट्यूब पर चर्चा का सीधा प्रसारण किया गया, जिससे मुंबईवासी घर बैठे अपने पार्षदों की कार्यशैली देख सके।
- समय में देरीः चुनावों के कारण इस वर्ष बजट पेश होने में 20 दिन की देरी हुई।
- आमतौर पर 1 अप्रैल से लागू होने वाला बजट इस बार एक महीने की देरी से मंजूर हुआ।
