बैंकॉक से लाया जा रहा ₹2.27 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड, मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स की बड़ी कार्रवाई, दबोचा तस्कर

Mumbai Airport Customs Action: मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम्स ने बैंकॉक से आए दिल्ली के तस्कर को गिरफ्तार कर ₹2.27 करोड़ का हाइड्रोपोनिक वीड जब्त किया। ट्रॉली बैग से बरामद हुआ सवा दो किलो ड्रग्स।
mumbai airport customs seizes hydroponic weed worth 2 crore bangkok smuggler
वीड की सांक्रतिक फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Airport Customs Seizes Hydroponic Weed: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तस्करी के खिलाफ अभियान चला रहे कस्टम विभाग को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। अधिकारियों ने बैंकॉक से मुंबई पहुंचे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से करोड़ों रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद किया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सक्रिय ड्रग्स तस्करों के नेटवर्क को उजागर किया है।

मुंबई कस्टम्स के अधिकारियों को एक सटीक खुफिया जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति बैंकॉक से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर मुंबई आने वाला है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कस्टम्स की टीम ने हवाई अड्डे के आगमन क्षेत्र में जाल बिछाया। जैसे ही 42 वर्षीय बल धारी मान, जो दिल्ली का निवासी है, बैंकॉक से मुंबई पहुंचा, अधिकारियों ने उसे रोक लिया। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे गहन जांच के लिए हिरासत में लिया गया।

सामान की तलाशी में खुला राज

शुरुआती पूछताछ के बाद जब अधिकारियों ने आरोपी के पास मौजूद ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो वहां छिपाया गया नशीला पदार्थ बरामद हुआ। तस्कर ने बड़ी चतुराई से 2,272 ग्राम (सवा दो किलो से अधिक) संदिग्ध हाइड्रोपोनिक वीड को तीन अलग-अलग पैकेटों में बंद कर रखा था। इन पैकेटों को ट्रॉली बैग के अंदर कपड़ों के नीचे इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य नजर में उन्हें पकड़ना मुश्किल हो। हालांकि, कस्टम्स अधिकारियों की मुस्तैदी ने इस तस्करी के प्रयास को पूरी तरह नाकाम कर दिया।

₹2.27 करोड़ की बड़ी बरामदगी

जब्त किए गए ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग ₹2.27 करोड़ आंकी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, हाइड्रोपोनिक वीड की बढ़ती मांग और उसकी ऊंची कीमत के कारण तस्कर इसे विदेशों से लाकर यहां महंगे दामों पर बेचने का प्रयास करते हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने केवल वित्तीय लाभ कमाने के उद्देश्य से इस अवैध व्यापार में कदम रखा था। उसे भारी रकम का लालच दिया गया था, जिसके बदले वह इस ड्रग्स की खेप को भारत में तस्करी के जरिए पहुंचाने वाला था।

नारकोटिक्स नेटवर्क पर प्रहार

मुंबई कस्टम्स ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और प्रतिबंधित पदार्थ को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आरोपी किसके लिए काम कर रहा था और मुंबई में यह खेप किसे डिलीवर की जानी थी। एयरपोर्ट पर हुई इस बड़ी कार्रवाई को नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रही जंग में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तस्करी के खिलाफ इस तरह की कड़ी कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।