मुंबई में डंडे से पीट-पीटकर 40 वर्षीय शख्स की हत्या, बहन के अपमान पर उतारा मौत के घाट

Mumbai Man Murder: मुंबई में एक युवक ने एक 21 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी। मृतक आरोपी की बहन का प्रेमी था। हालांकि, हत्याकांड के सिलसिले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Murder
(प्रतीकात्मक तस्वीर)
Published on
Updated on

Mumbai News: मुंबई के मालवणी इलाके में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 21 वर्षीय आशीष शेट्टी ने अपनी बहन के प्रेमी नितिन सोलंकी (40) की हत्या कर दी और इसके बाद सीधे मालवणी पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 11 सितंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया गया है।

हत्या से पहले साथ में पी थी शराब

पुलिस के मुताबिक, आशीष और नितिन शनिवार रात करीब 10:30 बजे जोगेश्वरी में मिले और दोनों ने शराब पी। अगली सुबह वे मालवणी पहुंचे, जहां कृष्णा आश्रम, कोलीवाड़ा, रामेश्वर गली के पास आशीष ने गुस्से में आकर डंडे से नितिन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नितिन को शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अपमानजनक टिप्पणी से भड़का था आरोपी

जानकारी के अनुसार, जांच में सामने आया कि नितिन एक अस्पताल में केयरटेकर था और शेट्टी की बहन के साथ उसके संबंध थे। आशीष को इन रिश्तों की जानकारी थी, लेकिन नितिन कथित तौर पर हाल के दिनों में उसकी मां और बहन का अपमान कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। शनिवार रात के बाद आशीष ने गुस्से में सोलंकी की हत्या कर दी।

आरोपी ने किया अपराध कबूल

बता दें कि हत्या के बाद आशीष सीधे मालवणी पुलिस स्टेशन पहुंचा और अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई लकड़ी भी जब्त कर ली गई है। वहीं, सोलंकी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इलाके में सनसनी और तनाव

बता दें कि वारदात के बाद मालवणी इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर भारी संख्या में जवान तैनात किए हैं ताकि कोई तनाव न बढ़े। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी शांत स्वभाव का था और उसके इस कदम ने सभी को चौंका दिया है। मोहल्ले में चर्चा है कि अगर समय रहते विवाद सुलझा लिया जाता तो इतनी बड़ी घटना टल सकती थी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com