मुंबईकरों को मिलेगी ‘हवा से तेज सवारी’, कुर्ला से BKC तक दौड़ेगी पॉड टैक्सी

Mumbai News: अब कुर्ला से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) की यात्रा और आसान होने वाली है। पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट को सीधे कुर्ला रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए एक स्कायवॉक बनाया जाएगा।
मुंबई पॉड टैक्सी (pic credit: social media)
मुंबई पॉड टैक्सी (pic credit: social media)
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Pod Taxis: अब कुर्ला से बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) की यात्रा और आसान होने वाली है। पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट को सीधे कुर्ला रेलवे स्टेशन से जोड़ने के लिए एक स्कायवॉक बनाया जाएगा। यह स्कायवॉक यात्रियों को सीधे स्टेशन से ऑटोमेटेड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (ARTS) स्टेशन तक पहुंचाएगा। यानी अब सफर होगा बिना झंझट और और भी तेज।

अधिकारियों के मुताबिक सेंट्रल रेलवे ने कुर्ला (वेस्ट) में करीब 1,370 वर्ग मीटर जमीन इस प्रोजेक्ट के लिए आवंटित करने का निर्णय लिया है। फिलहाल यह जमीन पार्किंग के लिए इस्तेमाल हो रही है और कुर्ला स्टेशन से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर है। यही जमीन स्कायवॉक का लैंडिंग प्वाइंट होगी।

पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट को खासतौर पर बीकेसी तक सुगम और तेज यात्रा सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया जा रहा है। यह प्रणाली कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों को जोड़ेगी। लेकिन स्टेशन परिसर के आसपास जगह की कमी के कारण ARTS स्टेशन को कुर्ला रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर बनाना तय किया गया है। इस गैप को पाटने का काम स्कायवॉक करेगा, जिससे यात्रियों को पैदल चलने की दिक्कत नहीं होगी।

इस हाईटेक प्रोजेक्ट की लंबाई होगी 8.8 किलोमीटर और इसकी लागत करीब 1,016 करोड़ रुपये आंकी गई है। यात्रा का अनुमानित किराया होगा 21 रुपये प्रति किलोमीटर। बांद्रा स्टेशन के पास ARTS स्टेशन के लिए 4,000 वर्ग मीटर जमीन भी पहले से तय की जा चुकी है।

विशेषज्ञों का कहना है कि पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम के लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। इससे रोजाना हजारों यात्रियों को भीड़ से राहत मिलेगी और ऑफिस जाने-आने वालों का समय भी बचेगा।

मुंबईकरों की नजर अब इस प्रोजेक्ट के शुरू होने पर टिकी है। स्कायवॉक और पॉड टैक्सी मिलकर शहर की कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई देंगे। जल्द ही मुंबई की सड़क और रेल यात्रा का बोझ कम होगा और लोग भविष्य की ‘स्मार्ट राइड’ का मजा लेंगे।

Navbharat Live
navbharatlive.com