Mulund Metro Slab Collapsed: मेयर रितु तावड़े ने लिया घटनास्थल का जायजा, बोलीं- लापरवाही बर्दाश्त नहीं

Mumbai News: मुंबई के मुलुंड में मेट्रो-4 निर्माण स्थल पर पैरापेट गिरने से 1 की मौत, 3 घायल। मेयर रितु तावड़े ने MMRDA और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए FIR और थर्ड पार्टी ऑडिट के निर्देश दिए।
Mulund Metro Slab Collapsed mumbai Mayor Ritu Tawde inspected the site said negligence will not be tolerated
मुलुंड में घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचीं मेयर रितु तावड़े (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ritu Tawde On Mulund Metro Accident: मुंबई के मुलुंड क्षेत्र में शनिवार को निर्माणाधीन मेट्रो-4 कॉरिडोर पर हुए भीषण हादसे ने सुरक्षा इंतजामों पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। मुलुंड फायर स्टेशन के नजदीक पियर नंबर 196 पर कंक्रीट के पैरापेट का एक हिस्सा अचानक नीचे सड़क से गुजर रहे वाहनों पर आ गिरा। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई की मेयर रितु तावड़े मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

मेयर रितु तावड़े, डिप्टी मेयर संजय घाड़ी और मुलुंड के MLA मिहिर कोटेचा ने मुलुंड (W) में LBS रोड एक्सीडेंट साइट का दौरा किया। इसके बाद वे पीड़ित परिवार को सांत्वना देने और घायलों का हालचाल जानने के लिए उपासनी हॉस्पिटल गए।

क्या बाेलीं रितु तावड़े?

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि मैं अभी यहां पहुंची हूं। मैं MLA से भी बात करना चाहती हूं और समझना चाहती हूं कि यहां असल में क्या हुआ है...यह बहुत बड़ी लापरवाही है। मुझे पता चला कि कल ही यहां पैरापेट बॉडी लगाई गई थी। क्या उन्होंने सेफ्टी नॉर्म्स फॉलो किए? नीचे ट्रैफिक मूवमेंट को फिलहाल रोक देना चाहिए था। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा कि यह सच में बहुत दुख की बात है। MMRDA और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर ने लापरवाही दिखाई है। इसकी वजह से एक व्यक्ति की मौत हो गई, और 3 अन्य घायल हो गए। इसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कल रात यहां पैरापेट दीवार/गर्डर लगाया गया था।

दोषियों पर होगी FIR और थर्ड पार्टी ऑडिट

मेयर ने कहा कि मुझे लगता है कि यहां संबंधित सुरक्षा नियमों का पालन किया जाना चाहिए था। MMRDA के साइट इंजीनियर, संबंधित कॉन्ट्रैक्टर और कंसल्टेंट इसके लिए जिम्मेदार थे। MLA और मैंने CM को इसकी जानकारी दी है। MMRDA के साइट इंजीनियर और संबंधित कॉन्ट्रैक्टर का थर्ड-पार्टी ऑडिट ज़रूर किया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। केस दर्ज किया जाएगा।

Mulund Metro Slab Collapsed mumbai Mayor Ritu Tawde inspected the site said negligence will not be tolerated
घायलों को पानी पिलातीं मेयर रितु तावड़े

MMRDA ने गठित की हाई-लेवल इंक्वायरी कमेटी

इधर MMRDA ने इस मामले की जांच के लिए एक हाई-लेवल इंक्वायरी कमेटी (HLIC) का गठन किया है। इस समिति का नेतृत्व MMRDA के मेट्रो पीआईयू (PIU) के निदेशक बसवराज एम. भद्रगोंड करेंगे। यह कमेटी इस बात की जांच करेगी कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई और इस स्लैब के गिरने का मुख्य तकनीकी कारण क्या था। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com