

MMRDA Mumbai Metro Crosses 30 Crore Passengers: मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा संचालित मेट्रो नेटवर्क ने 30 करोड़ यात्रियों का ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर लिया है। 3 अगस्त 2026 को यह आंकड़ा पूरा हुआ। इसमें मेट्रो लाइन 2 ए, लाइन 7, लाइन 2 बी चरण-1 और लाइन 9 चरण-1 शामिल हैं। यह उपलब्धि तेज, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन के रूप में मुंबईवासियों के मेट्रो पर बढ़ते भरोसे का प्रतीक है।
इस उपलब्धि की सबसे खास बात यह है कि आखिरी 5 करोड़ यात्री सिर्फ 179 दिनों में दर्ज किए गए। इस दौरान औसत दैनिक यात्री संख्या 2.70 लाख से बढ़कर 2.79 लाख हो गई, यानी 3.35% की वृद्धि। सप्ताहांत, छुट्टियों और मौसम के बावजूद यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती रही।
7 अप्रैल 2026 को मेट्रो लाइन 2बी चरण-1 और लाइन 9 चरण-1 शुरू होने से नेटवर्क में 9 नए स्टेशन जुड़े। इससे कनेक्टिविटी मजबूत हुई और यात्री संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। उल्लेखनीय है कि 2 अप्रैल 2022 को मेट्रो लाइन 2 ए और 7 के उद्घाटन के साथ सेवा शुरू हुई थी। तब से यात्री संख्या लगातार बढ़ी है।
50 लाख: 17 सितंबर 2022
1 करोड़: 27 जनवरी 2023
5 करोड़: 20 सितंबर 2023
10 करोड़: 28 मई 2024
15 करोड़: 4 जनवरी 2025
20 करोड़: 4 अगस्त 2025
25 करोड़: 5 फरवरी 2026
30 करोड़: 3 अगस्त 2026
इस तरह पहले 50 लाख यात्रियों की तुलना में अब दैनिक सवारी लगभग 9.4 गुना बढ़ गई है। वहीं 10 से 15 करोड़ के चरण की तुलना में दैनिक यात्रियों में 23% से अधिक की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, 30 करोड़ यात्री सिर्फ संख्या नहीं, बल्कि आधुनिक और सतत सार्वजनिक परिवहन पर मुंबईवासियों के विश्वास के 30 करोड़ प्रमाण हैं। निर्बाध और आधुनिक परिवहन ही भविष्य की मुंबई की पहचान बनेगा।
उपमुख्यमंत्री और एमएमआरडीए अध्यक्ष एकनाथ शिंदे ने कहा, यह आंकड़ा मुंबईवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक है। हमारा संकल्प है कि विश्वस्तरीय मेट्रो सेवाओं को ठाणे सहित पूरे एमएमआर क्षेत्र के हर कोने तक पहुंचाया जाए। वह दिन दूर नहीं जब पूरा एमएमआर निर्बाध मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएगा।
वहीं एमएमआरडीए महानगर आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने कहा, यह उपलब्धि हजारों इंजीनियरों, कर्मचारियों और यात्रियों के भरोसे का नतीजा है। मेट्रो अब मुंबईकरों के दैनिक जीवन का हिस्सा बन चुकी है। यही विश्वास हमें और बड़ा नेटवर्क बनाने की प्रेरणा देता है।