

जरांगे की कथित ऑडियो क्लिप में ₹500 करोड़ देने का दावा।
रामदास कदम ने बीजेपी पर साजिश का आरोप लगाया।
दरेकर और लाड ने आरोप खारिज किए, महायुति में तकरार बढ़ी।
Manoj Jarange Audio Clip Controversy: मराठा एक्टिविस्ट मनोज जरांगे के 500 करोड़ के ऑडियो बम से महायुति सरकार में धमाका हो गया है। इस क्लिप में यह दावा किया जा रहा है कि शिवसेना शिंदे गुट के सांसद श्रीकांत शिंदे ने मराठा आन्दोलन को दबाने के लिए कथित रूप से जरांगे को 500 करोड़ रुपए दिए थे। अब इस क्लिप को लेकर महायुति सरकार में शामिल बीजेपी व शिंदे सेना के बीच कलह शुरू हो गई है।
शिवसेना के नेता रामदास कदम का आरोप है कि हमारे नेताओं को बदनाम करने के लिए कुछ बीजेपी नेताओं ने साजिश रची है। जबकि बीजेपी विधायक प्रवीण दरेकर ने इन आरोपों को ख़ारिज करते हुए कहा कि इस बात का भी खुलासा होना चाहिए कि हमारे नेता व सीएम देवेन्द्र फडणवीस को खत्म करने की सुपारी किसने ली थी।
शिवसेना के सीनियर नेता रामदास कदम ने शुक्रवार को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यह हमारे मुख्य नेता व डीसीएम एकनाथ शिंदे की गला चीरने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जरांगे मराठा समाज को बेवकूफ बना रहे थे और कम्युनिटी के बीच फूट डाल रहे थे, लेकिन अब उनका स्पर्दाफाशर हो गया है।
कदम ने कहा जरांगे बीजेपी के साथ मिलकर एक मराठा लीडर (एकनाथ शिंदे को खत्म करने की साजिश रचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने जरांगे पर राज्य में कई सरकारी टेंडर से जुड़े होने का भी आरोप लगाया। शिवसेना नेता का दावा है कि यह क्लिप एआई से नहीं बनाई गई है, बल्कि यह बीजेपी की है।
रामदास कदम ने दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के करीबी माने जाने वाले बीजेपी विधायक प्रवीण दरेकर व प्रसाद लाड का नाम भी ऑडियो क्लिप में है। शिवसेना नेता ने यह भी कहा कि जरांगे को यह खुलासा करना चाहिए कि उन्हें यह ऑडियो क्लिप कब मिली।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर यह क्लिप पहले से जरांगे के पास थी, तो वे अब तक उसे दबा कर क्यों रखा था। कदम ने कहा कि मैंने सीएम देवेन्द्र फडणवीस, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को चिट्ठी लिखकर क्लिप की फोरेंसिक जांच की मांग की है। कदम ने तल्ख अंदाज़ में पूछा है कि आखिर बीजेपी में वह कौन है, जो एकनाथ शिंदे को खत्म करने की कोशिश कर रहा है।
बीजेपी विधायक प्रवीण दरेकर ने रामदास कदम के आरोपों पर कहा कि एक सीनियर लीडर अपने मुख्य नेता को खुश करने और अपने बेटे के मंत्री पद को पक्का करने या ज्यादा प्रमोशन दिलाने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं। लेकिन अगर आप बीजेपी पर इल्जाम लगा रहे हैं, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे, दरेकर ने कदम को हडकाते हुए कहा कि हम भी हर आरोप का मुंहतोड़ जवाब देंगे। कदम को खुल कर बताना चाहिए कि हमारे किस बीजेपी नेता ने एकनाथ शिंदे को खत्म करने की कसम
खाई है। देवेंद्र फडणवीस को खत्म करने के लिए जरांगे को कौन ताकत दे रहा था। विधायक ने कहा कि हम सभी महायुति का हिस्सा है। ऐसे में तहजीब और तमीज बनाए रखनी चाहिए। ऑडियो क्लिप की जांच होनी चाहिए। पर अगर आप इसके लिए बीजेपी को जिम्मेदार बताएंगे, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। कदम के आरोपों के बाद बीजेपी की तरफ से दरेकर ने एक प्रेस कांफ्रेंस कर पलटवार किया। इस बात का खुलासा होना चाहिए कि सीएम देवेन्द्र फडणवीस को खत्म करने की सुपारी किस ने ली है।
बीजेपी विधायक प्रसाद लाड ने कहा कि मैं रामदास कदम के लगाए आरोपों का खंडन करता हूं। जिस तरह कदम ने मेरी कुछ फोटो दिखाई। वैसे ही मैं भी उनके कुछ फोटो दिखा सकता हूं। हम तो सीना तान कर अंतरवाली सराटी के पास जाते हैं।
हम भी मराठों के बच्चे हैं। भागे हुए नहीं है। मैं जब भी जरांगे पाटिल से मिला, मीडिया के सामने कैमरे पर मिला। कदम को यह सब बेकार के आरोप लगाना बंद कर देना चाहिए। जैसे संजय राउत, उद्धव ठाकरे की शिवसेना को डुबाने की कोशिश कर रहे हैं। वैसे ही मैं कदम से रिक्वेस्ट करता हूं कि वह असली शिवसेना को डुबाने का काम न करें।
दरेकर ने कहा कि जब मनोज जरांगे मराठा रिजर्वेशन की मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, तब हमने उनका साथ दिया था, आज भी उनका साथ देते हैं और कल भी देंगे। लेकिन जब देवेंद्र फडणवीस की निजी तौर पर बुराई होने लगी, तो हमने रिएक्ट किया।
जरांगे को ताकत देने वाला पर्दे के पीछे और कौन है। उसे भी जल्द से जल्द ढूंढ लिया जाएगा। देवेंद्र फडणवीस पर इल्जाम लगाने और उन्हें बदनाम करने वाला कौन था। यह भी सामने आ जाएगा।