शिवसेना नेता मनीषा कायंदे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Manisha Kayande On Rahul Gandhi: राजनीति के गलियारों में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। ताजा मामले में शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। कायंदे ने राहुल गांधी के हालिया रुख पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
राहुल गांधी द्वारा AI Summit में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन करने पर कायंदे ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कौन से जमाने में रहते हैं, यह उनसे ही पूछना पड़ेगा। मुझे लगता है कि वह अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। आज जब पूरा देश और महाराष्ट्र एआई (AI) टेक्नोलॉजी के जरिए भविष्य की बात कर रहा है, तब कांग्रेस के कार्यकर्ता घिनौने आंदोलन कर रहे हैं। साफ है कि ये लोग देश को प्रगति के पथ पर नहीं ले जाना चाहते।
मनीषा कायंदे ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अवैध वोटरों को निकालने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का विरोध शर्मनाक है। कायंदे ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पश्चिम बंगाल के दौरे पर थीं, तो उन्हें बार-बार कार्यक्रम स्थल बदलना पड़ा। मुख्यमंत्री खुद एक महिला होकर भी राष्ट्रपति के सम्मान में वहां नहीं पहुंचीं। इन्हें स्वच्छ प्रशासन की चिंता नहीं है।
देश में गैस की किल्लत पर विपक्ष के सवालों का जवाब देते हुए शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने वैश्विक परिस्थितियों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि विश्व में युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है, जिसका असर केवल भारत पर ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार इस समस्या का समाधान जल्द ही निकाल लेगी।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में प्रोफेसरों की मेगा भर्ती, 5506 पदों पर जून से पहले नियुक्तियां, मंत्री चंद्रकांत पाटिल का ऐलान
टी-20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी को हनुमान मंदिर ले जाने और चुनाव आयुक्त के मंदिर में पूजा करने पर हुए विवादों पर भी कायंदे ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने का अधिकार देता है। उन्होंने टीएमसी सांसद कीर्ति आजाद पर पलटवार करते हुए कहा कि जीत की ट्रॉफी मंदिर ले जाना किसी की व्यक्तिगत भावना और आस्था का विषय है, इसमें राजनीति नहीं होनी चाहिए।