मलाड में 6 लोगों को कुचलने वाले ड्राइवर को जेल में कुर्सी और फोन? 15 हजार में जमानत, मुंबई पुलिस पर उठे सवाल

Mumbai Malad Accident News: मुंबई के मालाड में कार हादसे में महिला वकील की मौत हो गई थी। 15 हजार की जमानत पर रिहा आरोपी के खिलाफ बीजेपी पार्षद प्रवीण छेड़ा ने पुलिस पर वीआईपी ट्रीटमेंट का आरोप लगाया।
Malad Accident Accused VIP Treatment Allegation
मलाड हादस को दृश्य, मृतका व आरोपी ड्राइवरसोर्स: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Malad Accident Accused VIP Treatment Allegation: मुंबई के मालाड पश्चिम स्थित एस.वी. रोड और मामलेदारवाड़ी जंक्शन पर रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। एक बेकाबू कार ने सिग्नल पर खड़ी स्कूटी और तीन ऑटो रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई थी। इस हादसे के आराेपी को जमानत मिलने के बाद विवाद शुरू हो गया है। साथ ही पुलिस थाने में VIP सुविधाएं मिलने के भी आरोप लग रहे हैं।

इस भीषण दुर्घटना में स्कूटी पर पीछे बैठी 34 वर्षीय महिला वकील प्रियंका मयंक सत्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके पति मयंक सत्रा और तीन ऑटो चालकों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मलाड हादसे के आरोपी 15 हजार रुपये में मिली जमानत

पुलिस ने हादसे के तुरंत बाद कार चला रहे 70 वर्षीय आरोपी कृष्णा चमनकर को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, कोर्ट में पेश किए जाने के बाद आरोपी को महज 15 हजार रुपये के निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया। आरोपी को इतनी आसानी से जमानत मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। अब इस मामले में मुंबई के बीजेपी पार्षद प्रवीण छेड़ा की एंट्री से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

आरोपी को मिली VIP ट्रीटमेंट देने का आरोप

मृतक प्रियंका सत्रा के रिश्तेदार और बीजेपी पार्षद प्रवीण छेड़ा ने मुंबई पुलिस की भूमिका पर कड़े सवाल उठाए हैं। छेड़ा का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में ढिलाई बरती और 70 वर्षीय आरोपी कृष्णा चमनकर को पुलिस स्टेशन में वीआईपी ट्रीटमेंट दिया।

पार्षद प्रवीण छेड़ा ने मांग की है कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए और हादसे के बाद उसे बचाने में मदद करने वाले अधिकारियों पर भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। प्रवीण छेड़ा ने इस संबंध में मुंबई पुलिस आयुक्त को लिखित शिकायत भेजी है और वह व्यक्तिगत रूप से मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

व्हीलचेयर पर अंतिम दर्शन करने पहुंचे पति

मुंबई के मलाड में हुए इस दर्दनाक हादसे ने प्रियंका सत्रा के हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया है। प्रियंका अपने पीछे 8 साल की मासूम बेटी और 4 साल के बेटे को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की रात ही प्रियंका का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। कार हादसे में खुद गंभीर रूप से घायल मयंक सत्रा अस्पताल में भर्ती थे, लेकिन पत्नी को अंतिम विदाई देने के लिए वे व्हीलचेयर पर श्मशान घाट पहुंचे। इसे देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com