

Maharashtra MLC Election 2026 Update: विधान परिषद चुनाव में महायुति ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए 17 सीटों पर अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे महायुति के बागियों के हौसले पस्त हो गए हैं।
अर्थात महायुति अपने बागियों को समझाकर गठबंधन की ताकत दिखाने में भी फिर एक बार सफल होती दिख रही है जबकि दूसरी ओर महाविकास आघाड़ी कई सीटों पर उम्मीदवार तक नहीं खड़े कर पायी। मुंबई में बुधवार को महायुति की संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने 17 अधिकृत उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए दावा किया कि सभी 17 उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
राकां प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे, शिवसेना नेता राहुल शेवाले और भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने कहा कि सीएम देवेंद्र फडणवीस, डीसीएम एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार ने जीत का रोडमैप तैयार किया और सीटों का बंटवारा किया।
चव्हाण ने साफ कहा कि जिन कार्यकर्ताओं ने बगावत कर नामांकन दाखिल किया है, वे वरिष्ठों से बात कर अपने नाम वापस लें, उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे कार्यकर्ताओं के प्रति सकारात्मक निर्णय लिया जा चुका है। शेवाले ने स्पष्ट किया कि एकनाथ शिंदे ने उन कार्यकर्ताओं से व्यक्त्तिगत रूप से चर्चा की और उनके योगदान का सम्मान किया जाएगा।
तटकरे ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों को कई जगहों पर उम्मीदवार तक नहीं मिले और कुछ सीटों पर ढूंढकर उम्मीदवार खड़े करने पड़े। स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनाव देर से होने के कारण विधान परिषद चुनाव पहले से रुके हुए थे, अब वे संपन्न हो रहे हैं। 4 जून को नाम वापसी की अंतिम तिथि है।
तटकरे ने नगरसेवकों और पंचायत समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि वे महायुति के अधिकृत उम्मीदवारों को प्रथम वरीयता का मत दें। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि 18 जून को होने वाले मतदान से पहले ही महायुति ने अपना घर पूरी तरह संभाल लिया है।