

महाराष्ट्र में ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ की दिशा में बड़ा कदम।
सीएम फडणवीस ने 174 डिजिटल सेवाएं शुरू कीं।
अब तक 1,129 में से 397 प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी।
मैत्री 2.0, आपले सरकार 2.0 और महाडीबीटी 2.0 पर सेवाएं शुरू।
24 दिसंबर तक और सेवाएं शुरू करने की योजना।
कागजी कार्यवाही, हलफनामे और मानवीय हस्तक्षेप कम करने पर जोर।
Maharashtra Zero Bureaucracy Initiative Launch: महाराष्ट्र में सरकारी कामकाज को तेज, सरल और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार ने जीरो ब्यूरोक्रेसी की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की तर्ज पर शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य अनावश्यक नियमों, लालफीताशाही और लंबी प्रशासनिक प्रक्रियाओं को कम करना है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को डिजिटल गवर्नेंस के तहत 174 सेवाओं का शुभारंभ किया। इससे नागरिकों को कई जरूरी सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होंगी और सरकारी कार्यालयों पर निर्भरता कम होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में प्रशासनिक प्रक्रिया पुनर्गठन के लिए कुल 1,129 लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। इनमें से अब तक 397 प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। इस तरह लगभग 35 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। सरकार का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ नागरिकों तक कम मानवीय हस्तक्षेप के साथ पहुंचे।
लॉन्च की गई 174 सेवाओं में मैत्री 2.0 प्लेटफॉर्म पर 76, आपले सरकार 2.0 पर 74 और महाडीबीटी 2.0 के तहत 24 सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा महासारथी प्लेटफॉर्म को डेटा आधारित शासन व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया गया है।
महाराष्ट्र सरकार के अनुसार, अब तक 729 शासनादेश जारी किए जा चुके हैं और लगभग 350 सेवाओं की प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित किया गया है। आगामी 24 दिसंबर तक कुछ और महत्वपूर्ण सेवाएं शुरू करने की योजना है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जीरो ब्यूरोक्रेसी का लक्ष्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाना और अनावश्यक मानवीय हस्तक्षेप कम करना है। डिजिटल गवर्नेंस के माध्यम से बार-बार मांगे जाने वाले दस्तावेजों और अनावश्यक हलफनामों को कम करने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने सभी विभागों और जिला प्रशासन को 26 जनवरी तक डिजिटल शासन का बेहतर अनुभव देने के लिए समन्वय से काम करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध कराना और कागज रहित प्रशासन को बढ़ावा देना है।