गोवंश के सरंक्षण में उतरा परिवहन विभाग, बकरीद पर गायों के अवैध ट्रांसपोर्टेशन पर होगी सख्त कार्रवाई

Illegal Cow Transportation: बकरीद पर गोवंश की तस्करी रोकने के लिए महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने कसी कमर। मंत्री प्रताप सरनाईक ने दी सख्त चेतावनी, 25 से 28 मई तक राज्य में चलेगा विशेष RTO चेकिंग अभियान।
Transport Department Steps In to Protect Cattle; Strict Action to Be Taken Against Illegal Transport of Cows During Bakrid
प्रताप सरनाईक (सोर्सः फाईल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Transport Department Action: बकरीद को देखते हुए राज्यभर में गोवंश के अवैध ट्रांसपोर्टेशन, गैरकानूनी बूचड़खानों और जानवरों पर हो रहे अमानवीय अत्याचारों के खिलाफ राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी हालत में गायों की तस्करी और हत्या बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आरटीओ की विशेष जांच मुहिम

परिवहन मंत्री ने कहा कि उनकी ही मांग पर तत्कालीन मुख्यमंत्री एवं मौजूदा डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने गाय को राज्य माता का दर्जा दिया गया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस के निर्देश के अनुसार, ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट को पूरे राज्य में एक खास इंस्पेक्शन कैंपेन चलाने का आदेश दिया गया है। सभी रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिसर, सब-रीजनल ऑफिसर, बॉर्डर चेक पोस्ट और ट्रांसपोर्ट सिस्टम को 25 मई से 28 मई तक युद्ध स्तर पर मुहिम चलाकर गोवंश की अवैध तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। परिवहन मंत्री सरनाईक ने कहा कि हिंदू समुदाय के लिए गाय आस्था और संस्कृति का प्रतीक है। सनातन के लिए पवित्र एवं पूज्य गायों को मारने और उन्हें गैर-कानूनी तरीके से ले जाने वालों को अब कानून के तहत कड़ा सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने आगे कहा, कुछ त्योहारों के दौरान गायों की तस्करी बढ़ जाती है, गायों को मारा जाता है, भूखा रखा जाता है। अमानवीय तरीके से गाड़ियों में लादा जाता है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि हिंदू समुदाय की आस्था पर भी हमला है। ऐसे गाय तस्करों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जारी हुआ सर्कुलर

ट्रांसपोर्ट कमिश्नर ऑफिस की तरफ से जारी एक सर्कुलर के मुताबिक, राज्य के बॉर्डर इलाकों, मुंबई समेत बड़े शहरों और सेंसिटिव स्थानों पर खास नाकाबंदी और वाहन जांच अभियान चलाए जाएंगे। जानवरों को ले जाने वाली हर गाड़ी की अच्छी तरह से जांच की जाएगी। यह चेक किया जाएगा कि ज़रूरी परमिट, सर्टिफिकेट और एनिमल वेलफेयर नियमों का पालन किया गया है या नहीं। सरनाइक ने साफ किया कि, मोटर व्हीकल एक्ट, प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स एक्ट और केंद्र सरकार के नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गैर-कानूनी तरीके से ले जाने वाली गाड़ियों को सीधे सीज कर दिया जाएगा।

इस कैंपेन में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट लोकल पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एनिमल हसबैंड्री डिपार्टमेंट और गौ सेवा और एनिमल वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के साथ कोऑर्डिनेट करेगा। गैर-कानूनी बूचड़खानों में जानवरों की सप्लाई रोकने के लिए स्पेशल टीमें भी बनाई गई हैं।

गौ रक्षा सरकार की प्राथमिकता

मंत्री प्रताप सरनाइक ने यह भी साफ कहा, गौ रक्षा सिर्फ कानून का मामला नहीं है बल्कि हिंदुत्व की पहचान का सवाल है। सरकार बेजुबान जानवरों पर ज़ुल्म करने वालों के आगे नहीं झुकेगी। राज्य सरकार गौ रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। संबंधित अधिकारियों को इस खास कैंपेन के तहत की गई कार्रवाई पर सरकार को एक डिटेल्ड रिपोर्ट देने का भी आदेश दिया गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com