Times Square पर दिखा महाराष्ट्र का जलवा, अब सात समंदर पार से खिंचे चले आएंगे पर्यटक

Maharashtra Tourism Times Square: महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर राज्य की पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने के लिए न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर एक विशेष विज्ञापन प्रदर्शित किया गया।
maharashtra tourism
Times Square पर दिखा महाराष्ट्र का जलवा (Image- Navbharat)
Published on
Updated on

Maharashtra Tourism Times Square: महाराष्ट्र दिवस पर महाराष्ट्र की पर्यटन क्षमता को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर पर महाराष्ट्र पर्यटन विभाग का जानकारीपरक विज्ञापन प्रदर्शित किया गया है। महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर राज्य के पर्यटन क्षेत्र की वैश्विक स्तर पर उपस्थिति सुदृढ़ करने क् लिए यह पहल की गई है।

पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई ने बताया कि दुनिया के सबसे व्यस्त एवं प्रभावशाली व्यावसायिक केंद्रों में से एक इस जगह पर प्रतिदिन लाखों पर्यटक आते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित वैश्विक मंच पर महाराष्ट्र की उपस्थिति दर्ज होना राज्य के लिए गौरव का विषय है।

अंतरराष्ट्रीय पर्यटक महाराष्ट्र की ओर आकर्षित होंगे

इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए देसाई ने कहा कि महाराष्ट्र की पर्यटन क्षमता को वैश्विक स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। टाइम्स स्क्वेयर जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त स्थल पर महाराष्ट्र पर्यटन का विज्ञापन प्रदर्शित होना राज्य की पर्यटन शक्ति की वैश्विक स्तर पर सशक्त पहचान स्थापित करता है। इससे अधिकाधिक अंतरराष्ट्रीय पर्यटक महाराष्ट्र की ओर आकर्षित होंगे तथा राज्य की आर्थिक प्रगति को गति मिलेगी। इस विज्ञापन के माध्यम से महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक किले, प्राकृतिक पर्यटन स्थल, समुद्र तट तथा आधुनिक शहरी पर्यटन का प्रभावी प्रदर्शन किया गया है। टाइम्स स्क्वेयर वैश्विक स्तर पर पर्यटन, मनोरंजन, व्यापार एवं डिजिटल विज्ञापन का प्रमुख केंद्र होने के कारण यहां प्रदर्शित विज्ञापनों को विश्वभर से व्यापक ध्यान प्राप्त होता है। परिणामस्वरूप महाराष्ट्र के पर्यटन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार मिलने में सहायता होगी।

‘अद्वितीय महाराष्ट्र’ ब्रांड की पहचान

पर्यटन मंत्री ने कहा, महाराष्ट्र के विविधतापूर्ण पर्यटन स्थल अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं तथा इस प्रकार की वैश्विक पहल से राज्य के पर्यटन क्षेत्र को नई गति प्राप्त होगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ता मिलेगी तथा रोजगार सृजन को भी प्रोत्साहन प्राप्त होगा, ऐसा विश्वास श्री देसाई ने व्यक्त किया। महाराष्ट्र पर्यटन विभाग की यह पहल ‘अद्वितीय महाराष्ट्र’ ब्रांड की वैश्विक स्तर पर सशक्त पहचान स्थापित करने की दिशा में एक प्रभावी कदम सिद्ध हो रही है।

2016 में बना था पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग

महाराष्ट्र पर्यटन एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की स्थापना दिनांक 31 मई 2016 को की गई थी। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं पर्यटन क्षेत्र को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से इस विभाग का गठन किया गया। पर्यटन और संस्कृति एक-दूसरे से घनिष्ठ रूप से जुड़े हुए हैं, क्योंकि ऐतिहासिक स्मारक, लोककलाएँ एवं स्थानीय परंपराएँ न केवल सांस्कृतिक धरोहर हैं, बल्कि पर्यटन आकर्षण के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इन्हीं पहलुओं को ध्यान में रखते हुए, महाराष्ट्र सरकार द्वारा नीतिगत निर्णयों को प्रभावी रूप से लागू करने तथा इन क्षेत्रों के समग्र विकास हेतु मंत्रिमंडल स्तर का एक स्वतंत्र विभाग स्थापित किया गया।

यह विभाग महाराष्ट्र की विशिष्ट कला शैलियों, परंपराओं एवं ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण, संवर्धन तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए सतत रूप से कार्यरत है। साथ ही, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करते हुए पर्यटन विकास को गति प्रदान करने के माध्यम से यह विभाग राज्य की सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। विभाग के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, महाराष्ट्र राज्य केवल एक पर्यटन गंतव्य के रूप में ही नहीं, बल्कि एक जीवंत संस्कृति एवं समृद्ध विरासत वाले राज्य के रूप में और अधिक सशक्त एवं आकर्षक बनकर उभर रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com