
Maharashtra Top 10 News Updates: महाराष्ट्र की सियासत और प्रशासन में आज दिनभर बड़ी हलचल देखने को मिली। एक ओर परिसीमन बिल को लेकर महाविकास अघाडी में मतभेद उभरते नजर आ रहे हैं, तो दूसरी ओर नागपुर में आयोजित CJP की 'डेमोक्रेसी सेव रैली' में अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और विपक्ष दोनों पर तीखे हमले बोले।
इसके अलावा, मुंबई की मेयर को बम विस्फोट की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। वहीं, 140 करोड़ के ST स्मार्ट कार्ड टेंडर, अमरावती के मेलघाट प्रोजेक्ट पर अडानी समूह को नोटिस और अकोला में गहराते जलसंकट जैसी अन्य प्रमुख खबरों के लिए पढ़ें महाराष्ट्र की आज की 10 बड़ी सुर्खियां।
संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में केंद्र सरकार द्वारा महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन बिल को पेश किए जाने की अटकलों ने देश की सियासत में हलचल तेज कर दी है। इस मुद्दे पर विपक्षी खेमे में एकराय बनती नजर नहीं आ रही है। महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन MVA में भी फूट पड़ती नजर जा रही है।
छत्तीसगढ़ के बाद अब महाराष्ट्र की राजनीति में भी महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की गूंज सुनाई दे रही है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने राज्य की महायुति सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासनिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट के माध्यम से वडेट्टीवार ने महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) द्वारा दिए गए 140 करोड़ रुपये के स्मार्ट कार्ड अनुबंध में अनियमितता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील डेटा लीक होने की आशंका जताई है।
26/11 आतंकी हमले की 18वीं बरसी के दिन ही मुंबई में एक बार से बम विस्फोट की धमकी मिली है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े और नगर आयुक्त अश्विनी भिड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें 26 नवंबर को दोपहर 1:11 बजे मेयर कार्यालय में बम विस्फोट करने की धमकी दी गई है।
मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति प्रदर्शन करना CJP के तीन बड़े नेताओं के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और सह-संयोजक आशुतोष रांका के खिलाफ भी मुंबई पुलिस ने लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। इससे पहले पार्टी के एक अन्य सह-संयोजक सौरव दास के खिलाफ LOC जारी होने का मामला सामने आया था।
पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग समेत छह लोगों को हिरासत में लिया है। बुधवार को 5-6 लोगों के एक समूह ने मंदार किवले पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले उन पर गोलियां चलाईं और फिर धारदार हथियार कोयते से ताबड़तोड़ वार किए। इस हमले में मंदार किवले गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और फिलहाल ससून अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
संविधान दिवस के मौके पर नागपुर में आयोजित CJP Democracy Save Rally में संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। दीपके ने कहा, 1970 में भी किसी को तानाशाही का भूत चढ़ा था… उनके इस बयान को पीएम मोदी पर निशाने के तौर पर देखा गया।
अमरावती जिले के मेलघाट में प्रस्तावित अडानी समूह की 1,500 मेगावाट जलविद्युत परियोजना को लेकर विवाद बढ़ रहा है। मुंबई हाईकोर्ट की अधिवक्ता वैशाली फलके (बोबडे) ने अडानी समूह को कानूनी नोटिस भेजकर 16 मुद्दों पर जानकारी मांगी है। वहीं, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने सपन बांध के पानी, वन मंजूरी और पर्यावरणीय प्रभावों को लेकर अलग-अलग स्तर पर जानकारी मांगते हुए कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू की है।
महाराष्ट्र में 500 करोड़ रुपये से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप के मामले में SIT की टीम जालना जिले के अंतरवाली सराटी पहुंची। टीम ने मराठा आरक्षण आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील से पूछताछ की और उनके पास मौजूद ऑडियो क्लिप का पेन ड्राइव अपने कब्जे में लिया। पेन ड्राइव को सील कर पंचनामा किया गया और जरांगे के हस्ताक्षर भी लिए गए। अब क्लिप की फॉरेंसिक जांच की जाएगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके के नागपुर में हुए भाषण में एक अलग ही राजनीतिक तेवर देखने को मिला। संविधान दिवस पर नागपुर में आयोजित Democracy Save Rally में दीपके ने केवल मोदी सरकार को ही नहीं, बल्कि सभी राजनीतिक दलों को निशाने पर लिया। उनके भाषण से कई मौकों पर ऐसा लगा कि वे विपक्षी दलों, खासकर कांग्रेस की भूमिका से भी संतुष्ट नहीं हैं।
अकोला शहर में जलसंकट गहराने लगा है। शहर को पानी देने वाले महान (काटेपूर्णा) बांध में 23 नवंबर तक केवल 11.09 प्रतिशत उपयोगी जल भंडार बचा है। फिलहाल 11 दिनों के अंतराल पर जलापूर्ति हो रही है, लेकिन सोमवार को नलों से सिर्फ 10-15 मिनट पानी मिला। मोर्णा बांध से वैकल्पिक पाइपलाइन का काम जनवरी तक पूरा होने की संभावना है।