500 करोड़ की कथित ऑडियो क्लिप पर SIT की जांच तेज, मनोज जरांगे के घर पहुंची टीम; पेन ड्राइव जब्त

Manoj jarange SIT Audio Probe: जालना के अंतरवाली सराटी में SIT ने मनोज जरांगे पाटील से पूछताछ की। 500 करोड़ की कथित ऑडियो क्लिप वाला पेन ड्राइव जब्त कर सील किया गया, अब होगी फॉरेंसिक जांच।
Manoj Jarange Patil SIT Investigation
मनोज जारांगे पाटिल एसआईटी जांचHighlights
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • 500 करोड़ की कथित ऑडियो क्लिप मामले में SIT अंतरवाली सराटी पहुंची।

  • मनोज जरांगे पाटील से पूछताछ कर बयान दर्ज किया गया।

  • ऑडियो क्लिप वाला पेन ड्राइव SIT ने अपने कब्जे में लिया।

  • पेन ड्राइव सील कर पंचनामा किया गया और जरांगे के हस्ताक्षर लिए गए।

  • क्लिप की प्रामाणिकता और आवाजों की जांच फॉरेंसिक तरीके से होगी।

Manoj Jarange Patil SIT Investigation: महाराष्ट्र में 500 करोड़ रुपये से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप के मामले में SIT की टीम जालना जिले के अंतरवाली सराटी पहुंची। टीम ने मराठा आरक्षण आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील से पूछताछ की और उनके पास मौजूद ऑडियो क्लिप का पेन ड्राइव अपने कब्जे में लिया। पेन ड्राइव को सील कर पंचनामा किया गया और जरांगे के हस्ताक्षर भी लिए गए। अब क्लिप की फॉरेंसिक जांच की जाएगी।

अंतरवाली सराटी पहुंची SIT की टीम

महाराष्ट्र की राजनीति में चर्चा का विषय बनी 500 करोड़ रुपये से जुड़ी कथित ऑडियो क्लिप के मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने जांच शुरू कर दी है। मुंबई से पहुंची SIT की टीम जालना जिले के अंतरवाली सराटी स्थित मराठा आरक्षण आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटील के घर पहुंची। टीम ने उनसे पूछताछ की और कथित ऑडियो क्लिप से जुड़े आरोपों के बारे में उनका बयान दर्ज किया।

इस दौरान जरांगे के पास मौजूद ऑडियो क्लिप का पेन ड्राइव भी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया गया। जानकारी के अनुसार, SIT ने पेन ड्राइव को सील कर उसका पंचनामा किया और इस प्रक्रिया पर जरांगे के हस्ताक्षर भी लिए।

Manoj Jarange Patil SIT Investigation
विदर्भ में नागपुर रहा अब तक सबसे ठंडा शहर, 13डिग्री तक गिरा न्यूनतम तापमान; दिसंबर में पड़ेगी कड़ाके की सर्दी

क्या है 500 करोड़ की ऑडियो क्लिप का मामला?

कुछ दिन पहले मनोज जरांगे पाटील ने एक पत्रकार परिषद में कथित ऑडियो क्लिप सुनाई थी। इसमें दावा किया गया था कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने जरांगे को देने के लिए भाजपा से 500 करोड़ रुपये लिए और यह रकम उनके बेटे श्रीकांत शिंदे के माध्यम से पहुंचाई गई।

इस कथित बातचीत के सामने आने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में विवाद बढ़ गया। हालांकि, ऑडियो क्लिप में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसी मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SIT गठित करने की घोषणा की थी।

Manoj Jarange Patil SIT Investigation
करौली शंकर के बयानों पर भड़के संत... नया उदासीन अखाड़े की चेतावनी, बदनाम करने की साजिश पर होगी कानूनी कार्रवाई

अब होगी ऑडियो की फॉरेंसिक जांच

SIT अब जब्त किए गए पेन ड्राइव में मौजूद ऑडियो की तकनीकी और फॉरेंसिक जांच करेगी। जांच में यह पता लगाने का प्रयास होगा कि क्लिप वास्तविक है या नहीं, उसमें मौजूद आवाजें किन लोगों की हैं और रिकॉर्डिंग के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं हुई है।

जरांगे के बयान और उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए पेन ड्राइव के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जाएगी। फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही कथित बातचीत की प्रामाणिकता और उसमें किए गए दावों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रामदास कदम ने भी उठाए थे सवाल

इस विवाद से पहले मराठा आरक्षण के मुद्दे पर मनोज जरांगे पाटील ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की आलोचना की थी। इसके बाद शिवसेना (शिंदे गुट) के नेता रामदास कदम ने भी जरांगे पर निशाना साधा था।

रामदास कदम ने दावा किया था कि जरांगे द्वारा सुनाई गई ऑडियो क्लिप करीब दो साल पुरानी है। इस तरह क्लिप की तारीख और प्रामाणिकता को लेकर भी सवाल उठे हैं। अब SIT की फॉरेंसिक जांच और आगे की पूछताछ पर पूरे मामले की दिशा निर्भर करेगी।