महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री को ही नहीं पता था आगरा में छप रहे थे TET के पेपर! BJP विधायक के दावे से हड़कंप

Maharashtra TET Paper Leak: महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में सुधीर मुनगंटीवार ने शिक्षा मंत्री दादा भुसे को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि मंत्री को खुद नहीं पता था कि पेपर आगरा में छप रहे।
Maharashtra TET paper leak Sudhir Mungantiwar makes a claim Education Minister Dada Bhuse unaware
सुधीर मुनगंटीवार व दादा भुसे (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sudhir Mungantiwar On Dada Bhuse: महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (Maha TET) का पेपर लीक होने और इसे रद्द करने के बाद राज्य की सियासत में भूचाल आ गया है। इस पूरे मामले में अब भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता सुधीर मुनगंटीवार ने एक ऐसा सनसनीखेज दावा किया है, जिसने स्कूल शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुधीर मुनगंटीवार का दादा भुसे को लेकर बड़ा दावा

भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने बुधवार को विधान भवन परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए दावा किया कि राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे को इस बात की भनक तक नहीं थी कि TET परीक्षा के प्रश्नपत्र महाराष्ट्र से दूर उत्तर प्रदेश के आगरा में छापे जा रहे थे। मुनगंटीवार ने दावा किया मंत्री ने खुद उनसे निजी बातचीत में इस बात को स्वीकार किया है।

सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि मंत्री की इस स्वीकारोक्ति से स्कूल शिक्षा विभाग के कामकाज में गंभीर खामियां उजागर हुई हैं। इसे लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता और महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

अब ऑनलाइन कराई जाएगी परीक्षा

सुधीर मुनगंटीवार ने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने निजी तौर पर स्वीकार किया कि उनके विभाग ने उन्हें कभी यह जानकारी नहीं दी कि TET परीक्षा के प्रश्नपत्र आगरा में छप रहे थे। उन्होंने कहा कि मंत्री अब कह रहे हैं कि परीक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी और प्रश्नपत्र यहीं तैयार किए जाएंगे।

भाजपा विधायक सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि आगरा का महाराष्ट्र से ऐतिहासिक संबंध रहा है, क्योंकि छत्रपति शिवाजी महाराज वहां से निकलकर आए थे, लेकिन अब वहां परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने का पाप भी हो गया है।

27 जून को लीक हुआ था TET का पेपर

बता दें कि 28 जून को महाराष्ट्र में टीईटी 2026 की परीक्षा होना था। लेकिन निर्धारित तिथि से एक दिन पहले यानी 27 जून को महा टीईटी का पेपर लीक हो गया था। इसके बाद यह परीक्षा रद्द कर दी गई थी। इस साल पूरे राज्य से करीब 4 लाख 28 हजार उम्मीदवार यह परीक्षा देने वाले थे।

महाराष्ट्र TET का पेपर ठाणे जिले के भिवंडी से लीक हुआ। ठाणे पुलिस ने इस मामले में अब तक 4 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें फरार आरोपी बिजेंद्र गुप्ता की एक की पत्नी भी शामिल है। पकड़े गए आरोपी मूल रूप से हरियाणा और बिहार के निवासी हैं। प्रथम दृष्टया जांच में अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आने के बाद मामले की जांच एक विशेष जांच दल (SIT) द्वारा की जा रही है।

महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्षी नेताओं ने भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के बजाय राजनीतिक दलों को तोड़ने में व्यस्त है।

Navbharat Live
navbharatlive.com