महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: BJP ने तैयार किया 'विजय प्लान', 9 में से 4 सीटों पर ठोकेंगी ताल; जानें समीकरण

Maharashtra MLC Election 2026: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी रणनीति साफ कर दी है। कोर कमेटी की बैठक में 4 सीटों पर चुनाव लड़ने का बड़ा फैसला लिया गया।
Maharashtra MLC Election 2026 BJP Strategy
देवेंद्र फडणवीस (फाइल फोटो, सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra MLC Election BJP Strategy: महाराष्ट्र की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। अगले महीने होने वाले विधान परिषद (MLC) के द्विवार्षिक चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी कमर कस ली है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में हुई राज्य भाजपा कोर कमेटी की बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी कुल 9 सीटों में से 4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसके अतिरिक्त, प्रज्ञा सातव के इस्तीफे से खाली हुई उपचुनाव वाली सीट पर भी भाजपा अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। सूत्रों के मुताबिक, संभावित उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली गई है और अंतिम मुहर के लिए इसे दिल्ली स्थित केंद्रीय नेतृत्व को भेज दिया गया है।

विधान परिषद चुनाव का पूरा गणित

विधान परिषद के 9 सदस्यों का कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और उपाध्यक्ष नीलम गोरहे जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, इन सीटों के लिए 12 मई को मतदान होगा और उसी शाम नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

विधानसभा में विधायकों की मौजूदा संख्या बल को देखें तो सत्ताधारी महायुति गठबंधन (भाजपा, शिवसेना-शिंदे गुट और एनसीपी) बेहद मजबूत स्थिति में है। माना जा रहा है कि महायुति आसानी से 10 में से 9 सीटें (8 द्विवार्षिक + 1 उपचुनाव) जीत सकती है, जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) के खाते में महज एक सीट जाती दिख रही है।

विधानसभा में संख्याबल के आधार पर भाजपा को 5 सीटें, शिवसेना को 2, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को 1 और महाविकास आघाड़ी को 1 सीट मिलने की संभावना जताई जा रही है। भाजपा की इस आक्रामक रणनीति ने विपक्षी खेमे में चिंता बढ़ा दी है, विशेषकर उन दलों के लिए जिनके पास अपने उम्मीदवारों को जिताने के लिए पर्याप्त आंकड़े नहीं हैं। महाविकास आघाडी के ओर से शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे उम्मीदवार हो सकते हैं।

वोटों का कोटा और महत्वपूर्ण तारीखें

  • द्विवार्षिक चुनाव: एक सीट जीतने के लिए उम्मीदवार को 29 वोटों की आवश्यकता होगी।
  • उपचुनाव: इस सीट पर जीत के लिए 144 वोटों का कोटा निर्धारित है। यदि नए निर्वाचित सदस्य पात्र होते हैं, तो यह आंकड़ा 145 तक जा सकता है।

चुनाव कार्यक्रम पर एक नज़र

  • अधिसूचना: 23 अप्रैल 2026
  • नामांकन की अंतिम तिथि: 30 अप्रैल 2026
  • नामांकन वापसी: 4 मई 2026
  • मतदान एवं परिणाम: 12 मई 2026
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com