

Mumbai Gujarat Highway Jam Update: महाराष्ट्र और गुजरात में बीते कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में स्थिति दिन-ब-दिन बदतर होती जा रही है। महाराष्ट्र-गुजरात चेक पोस्ट के पास पिछले 72 घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण नेटवर्क और कनेक्टिविटी पूरी तरह से ठप हो चुकी है। जीरो कनेक्टिविटी के चलते दोनों राज्यों के बीच संपर्क साधना बेहद मुश्किल हो गया है। वापी चेक पोस्ट को सुरक्षा के लिहाज से फिलहाल पूरी तरह बंद रखा गया है।
मुंबई को गुजरात से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। हाईवे पर लगभग 35 से 40 किलोमीटर लंबा भीषण ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। सैकड़ों गाड़ियां, ट्रक और यात्री पिछले 2 से 3 दिनों से भूखे-प्यासे सड़कों पर फंसे हुए हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए महाराष्ट्र से गुजरात की ओर जा रहे सेना के जवान भी इस भारी जाम में फंस गए हैं। हालांकि बीती रात बारिश में थोड़ी कमी आई थी, लेकिन अब एक बार फिर मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे फंसे हुए लोगों की मुसीबतें और बढ़ गई हैं।
बारिश का कहर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि रेल सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। पश्चिम रेलवे के मुंबई डिवीजन के DRM ने बताया कि भारी वर्षा के कारण उत्पन्न हुई प्रतिकूल परिचालन परिस्थितियों के चलते कई ट्रेन सेवाएं पूर्णतः रद्द की गई हैं। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व कृपया अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें। हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
दक्षिण गुजरात में रेलवे ट्रैकों पर भारी जलभराव हो गया है। गुरुवार को मुंबई जाने वाली 7 यात्री ट्रेनों को मध्य प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। पश्चिम रेलवे के रतलाम डिवीजन के पीआरओ मुकेश कुमार के मुताबिक मुंबई सेंट्रल डिवीजन के घोलवाद-उमरगम रोड खंड में एक पुल पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण दिल्ली-मुंबई खंड पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि स्थिति को देखते हुए ट्रेनों को रतलाम, नमली, नागदा, मेघनगर, लिमखेड़ा, थंदला रोड और बामनिया स्टेशनों पर रोक दिया गया है।