

Maharashtra Government Employees DA Arrears: महाराष्ट्र के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए एक बेहद शानदार और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य की देवेंद्र फडणवीस सरकार ने कर्मचारियों के हित में एक बड़ा फैसला लेते हुए उनके बकाया महंगाई भत्ते (DA) के भुगतान को हरी झंडी दे दी है। वित्त विभाग द्वारा जारी किए गए ताजा शासन निर्णय (GR) के मुताबिक, कर्मचारियों को उनके तीन महीने के बकाया डीए का भुगतान जल्द ही किया जाएगा।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, कर्मचारियों को उनके महंगाई भत्ते (DA) की बची हुई बकाया राशि (एरियर्स) का भुगतान जल्द ही किया जाएगा। यह बकाया राशि मई 2026 के वेतन के साथ जोड़कर नकद दी जाएगी, जो जून 2026 की शुरुआत में मिलेगी। महाराष्ट्र सरकार के वित्त विभाग द्वारा जारी शासन आदेश (GR) के मुताबिक, संशोधित वेतन संरचना यानी 7वें वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले राज्य सरकार के कर्मचारियों और अन्य पात्र कर्मियों को 01 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 की अवधि के महंगाई भत्ते की बकाया राशि दी जाएगी। यह राशि मई 2026 के वेतन के साथ नकद प्रदान की जाएगी।
बता दें कि 25 फरवरी 2026 को जारी किए गए एक आदेश के तहत महाराष्ट्र सरकार ने 1 जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते की दर को 55% से बढ़ाकर 58% कर दिया था। इस 3 फीसदी की बढ़ोतरी के बाद 1 फरवरी 2026 से बढ़ा हुआ डीए कर्मचारियों को हर महीने नकद दिया जा रहा था। जुलाई 2025 से अक्टूबर 2025 तक की शुरुआती अवधि की बकाया राशि का भुगतान मार्च 2026 में ही नकद कर दिया गया था।
अब नवंबर 2025 से जनवरी 2026 तक की बची हुई अवधि के भुगतान को भी मंजूरी दे दी गई है। बजट आवंटन और प्रक्रिया आदेश में स्पष्ट किया गया है कि महंगाई भते के भुगतान की वर्तमान प्रक्रिया और नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे।