

Maharashtra Free Dialysis Service: राज्यभर में किडनी के विकार से पीड़ित मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने डायलिसिस सुविधा का विस्तार किया है। राज्य के 66 अस्पतालों में 409 डायलिसिस मशीनों के माध्यम से मरीजों को मुफ्त उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच राज्य में 1 लाख 69 हजार 281 मरीजों को डायलिसिस सेवा दी गई। वर्ष 2020 में डायलिसिस सत्रों की संख्या 67 हजार 770 थी, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 1,69,281 हो गई। इस तरह पांच वर्षों में डायलिसिस सत्रों की संख्या में करीब 149।8% की बढ़ोतरी हुई है।
वर्ष 2025-26 में एक ही साल में 38 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो इस अवधि की सबसे अधिक वार्षिक वृद्धि है। राज्य के जिला अस्पतालों, सामान्य अस्पतालों, विभागीय संदर्भ सेवा अस्पतालों, महिला अस्पतालों, उपजिला अस्पतालों और सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मरीजों को बेहतर उपचार देने के लिए चिकित्सकों, चिकित्सा अधिकारियों, परिचारिकाओं और डायलिसिस तकनीशियनों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार सुनिश्चित करने के लिए सभी अस्पतालों में कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर गुर्दा रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति भी की गई है।
प्रकाश आबीटकर, स्वास्थ्य मंत्री, महाराष्ट्र ने कहा, किडनी के मरीजों को डायलिसिस के लिए दूर के शहरों में न जाना पड़े, इसके लिए राज्य में विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में डायलिसिस सेवाओं का विस्तार किया गया है।
मरीजों के नजदीकी क्षेत्र में यह सुविधा उपलब्ध कराने से अधिक से अधिक मरीजों को समय पर उपचार मिलने लगा है। इसी वजह से पिछले कुछ वर्षों में डायलिसिस सेवा का लाभ लेने वाले मरीजों और डायलिसिस सत्रों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। राज्य के हर जरूरतमंद मरीज तक यह जीवनरक्षक सेवा पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग प्रयासरत है।