

FDA ने 1,057 प्रतिष्ठानों की जांच कर ₹19.70 करोड़ के मसाले जब्त किए।
84 कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित, 557 सुधार नोटिस जारी हुए।
ग्राहकों से पैकिंग और लेबल की तारीख जांचकर मसाले खरीदने की अपील की गई।
Maharashtra FDA Adulterated Spices Statewide: महाराष्ट्र में मिलावटी और असुरक्षित मसालों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अन्न व औषध प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में कार्रवाई तेज कर दी है। 1 अप्रैल से 29 अक्टूबर 2026 के बीच विभाग ने 1,057 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।
इस दौरान 1,616 मसालों के नमूने लिए गए और नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों को 557 सुधार नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 84 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए। प्रशासन ने करीब 19.70 करोड़ रुपये मूल्य का मसाला भंडार जब्त किया है।
मसालों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुंबई में भी विशेष अभियान चलाया गया। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मुंबई शहर में 123 प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान 54 सुधार नोटिस जारी किए गए और 12 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित किए गए। मुंबई में जब्त किए गए मसालों का मूल्य 34.91 लाख रुपये बताया गया है।
FDA की कार्रवाई का सबसे बड़ा हिस्सा 23 से 29 अक्टूबर के बीच देखने को मिला। इन सात दिनों में अधिकारियों ने 472 प्रतिष्ठानों की जांच की और करीब 13.60 करोड़ रुपये मूल्य का मसाला भंडार जब्त किया। यह अप्रैल से अक्टूबर तक जब्त किए गए कुल माल के मूल्य का लगभग 69 प्रतिशत है। इससे साफ है कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में विभाग ने जांच और जब्ती अभियान तेज किया।
जांच के दौरान अब तक प्राप्त रिपोर्ट में 337 मसालों के नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। वहीं, 9 नमूने घटिया गुणवत्ता के, 6 असुरक्षित और 18 गलत लेबल वाले मिले। इसके अलावा 1,053 नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी लंबित है। ऐसे में बाकी नमूनों की रिपोर्ट जल्द जारी करना भी प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सके।
महाराष्ट्र एफडीए ने ग्राहकों से अपील की है कि वे खुले मसालों के बजाय सीलबंद पैक वाले उत्पाद खरीदें। खरीदारी के समय पैकेट पर दर्ज सामग्री, गुणवत्ता संबंधी जानकारी, लेबल और पैकिंग की तारीख जरूर जांचें। किसी भी उत्पाद की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर उसे खरीदने से बचें।