

Highlights:
नासिक के अशोक खरात पर आधारित फिल्म 'महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स' रिलीज से पहले विवादों में आ गई है।
रूपाली चाकणकर ने चेतावनी दी है कि उनकी अनुमति के बिना नाम, फोटो, पहचान और व्यक्तिगत छवि का व्यावसायिक इस्तेमाल हुआ तो आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।
दीपाली सैयद ने पलटवार करते हुए कहा कि फिल्म रिलीज होकर रहेगी।
Maharashtra Epstein Files Controversy: नासिक के ढोंगीबाबा और वित्तीय घोटालों के आरोपी अशोक खरात के जीवन पर आधारित फिल्म 'महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स' को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व राकां (एपी) की नेता रूपाली चाकणकर और फिल्म अभिनेत्री दीपाली सैयद में ठन गई है। रूपाली ने चेतावनी दी है कि यदि उनके नाम, फोटो, पहचान या व्यक्तिगत छवि का गलत इस्तेमाल किया गया तो वह संबंधितों के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई करेंगी।
इधर, दीपाली ने पलटवार किया है कि यह फिल्म ऐसी चीजों से बिना डरे रिलीज होकर रहेगी। दरअसल, चर्चा है कि इस फिल्म में रूपाली जैसा रोल दीपाली निभा रही हैं। इस पर रूपाली ने आपत्ति जताई है। उन्होंने दावा किया है कि उनके नाम, फोटो, पहचान और खुद को दिखाने के खास तरीके का ट्रेडमार्क कर लिया गया है। बिना इजाजत इन चीजों का कमर्शियल या पर्सनल फायदे के लिए इस्तेमाल करके फोटो, वीडियो फिल्म, रील, टीजर, विज्ञापन, पब्लिसिटी मटीरियल या कोई और मटीरियल न बनाएं।
रुपाली चाकणकर के इस कदम पर राकां की नेता रुपाली ठोंबरे ने तीखा हमला बोला, उन्होंने ट्रेडमार्क पंजीकरण के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि चाकणकर को इसका आधिकारिक प्रमाणपत्र और संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने चाहिए, साथ ही यह भी बताना चाहिए कि किस अधिकारी ने किन नियमों के तहत इसकी मंजूरी दी।
महिला आयोग महिलाओं को न्याय दिलाने का मंच है, किसी की राजनीतिक प्रतिष्ठा या व्यक्तिगत दबाव का माध्यम नहीं। महाराष्ट्र को धमकियों और आरोप-प्रत्यारोप के बजाय बेरोजगारी, शिक्षा, महिला सुरक्षा और किसानों के मुद्दों पर जवाब चाहिए।
फिल्म के डायरेक्टर स्वरूप सावंत ने साफ किया है कि यह फिल्म पूरी तरह से काल्पनिक है और समाज की सच्ची घटनाओं से प्रेरणा लेकर बनाई गई है। फिल्म का मकसद एक सामाजिक संदेश देना और समाज को जागरूक करना है। फिल्म में किसी की समानता महज इत्तेफाक है। इस पर एतराज करने की कोई वजह नहीं है।
दीपाली सैयद ने पलटवार किया है कि "आ बैल मुझे मार" वाली स्थिति में रूपाली पहुंच गई हैं। आपके घर में मां-बहनें साड़ी पहनती हैं, क्लिप लगाती हैं। ऐसे कितने लोग हैं, जिनका नाम रूपाली है। मैं एक कलाकार हूं, मैंने अलग-अलग किरदार निभाए हैं।
मैंने यह रोल इसलिए स्वीकार किया क्योंकि लोगों को वह पसंद आएगा। आप मुझ पर यह बकवास आरोप नहीं लगा सकते कि यह मैं हूं। आपने 5 नवंबर को ट्रेडमार्क के लिए आवेदन किया था और वह अभी तक मंजूर नहीं हुआ है। हम इस पर लीगल जवाब देने जा रहे हैं।