महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री हुए फेल! सोशल मीडिया पर मार्कशीट वायरल, दादा भुसे को मिले 100 में से 0 नंबर

Dada Bhuse Failed Marksheet: MPSC परीक्षा में धांधली और पेपर लीक के बीच NSUI ने महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दादा भुसे की प्रतीकात्मक मार्कशीट शेयर कर घेरा, दिए 100 में से 0 अंक।
maharashtra education minister dada bhuse failed marksheet viral nsui
दादा भुसे की फोटो (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

MPSC Paper Leak: महाराष्ट्र में प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक और शैक्षिक अनियमितताओं को लेकर राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर है। विपक्षी दलों और छात्र संगठनों ने राज्य सरकार, विशेषकर शिक्षा मंत्री दादा भुसे के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में, छात्र संगठन NSUI महाराष्ट्र ने सोशल मीडिया पर एक प्रतीकात्मक मार्कशीट साझा कर सरकार पर तीखा तंज कसा है, जिसमें शिक्षा मंत्री को सभी पैमानों पर सपशेल तरीके से फेल दिखाया गया है।

GenZ यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट कार्ड में मंत्री फेल

NSUI महाराष्ट्र द्वारा ट्विटर पर साझा की गई यह फोटो Gen Z University की एक काल्पनिक मार्कशीट है। इस मार्कशीट में विद्यार्थी का नाम श्री दादा भुसे, शिक्षणमंत्री दर्ज किया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस रिपोर्ट कार्ड में मंत्री महोदय को 100 में से 0 अंक दिए गए हैं। मार्कशीट में जिन विषयों का मूल्यांकन किया गया है, वे सीधे तौर पर राज्य की वर्तमान शैक्षिक और प्रशासनिक विफलताओं की ओर इशारा करते हैं।

  • पेपर लीक: 0/20
  • स्कूल बंदी: 0/20
  • स्कूल से बाहर विद्यार्थी (Dropouts): 0/20
  • शिक्षकों पर दबाव: 0/20
  • रोजगार दर: 0/20

कुल मिलाकर मंत्री को 100 में से शून्य अंक मिले हैं और रिमार्क में लिखा गया है कि दादा भुसे को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।

MPSC ड्रग इंस्पेक्टर परीक्षा घोटाले का संदर्भ

यह राजनीतिक हमला ऐसे समय में हुआ है जब महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की अन्न ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में भारी धांधली के आरोप लग रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 मार्च को आयोजित इस परीक्षा का प्रश्नपत्र दो दिन पहले ही यानी 20 मार्च को व्हाट्सएप पर वायरल हो गया था। कांग्रेस नेता हर्षवर्धन सपकाल ने दावा किया है कि प्रश्नपत्र के 78 सवाल परीक्षा से पहले ही लीक हो गए थे और कथित तौर पर प्रति अभ्यर्थी 5 लाख रुपये लेकर इन्हें बेचा गया।

विपक्ष का हमला और छात्रों का आक्रोश

NSUI और कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से माफियाओं के चंगुल में है। हर्षवर्धन सपकाल ने सीधे तौर पर राज्य सरकार को घेरते हुए सवाल किया कि आखिर यह पेपर लीक रैकेट किस मंत्री के आशीर्वाद से फल-फूल रहा है। उनका कहना है कि लाखों ईमानदार और गरीब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, जबकि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह मौन है।

महाराष्ट्र में NEET विवाद के बाद अब MPSC की परीक्षाओं में आ रही धांधली की खबरों ने छात्रों के बीच भारी असंतोष पैदा कर दिया है। NSUI द्वारा साझा की गई यह मार्कशीट केवल एक फोटो नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं के गुस्से का प्रतीक है जो अपनी मेहनत के बदले केवल भ्रष्टाचार देख रहे हैं। फिलहाल, विपक्षी दल इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच और शिक्षा मंत्री दादा भुसे के इस्तीफे की मांग पर अड़े हुए हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इन गंभीर आरोपों पर क्या रुख अपनाता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com