महाराष्ट्र में ATS का बड़ा एक्शन: पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी जुड़े 112 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ शुरू

Maharashtra ATS Operation: महाराष्ट्र एटीएस ने शुक्रवार को पूरे राज्य में एक बड़ा ऑपरेशन चलाया है। ATS ने पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े 112 संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
Maharashtra ATS Operation
महाराष्ट्र में ATS की छापेमारी (सोर्स: AI)
Updated on

Maharashtra ATS Raid News: महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियों ने देश-विरोधी ताकतों और सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को गुमराह करने वाले नेटवर्क पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने शुक्रवार सुबह पूरे राज्य में एक साथ एक बड़ा ऑपरेशन शुरू किया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के तहत राज्य के अलग-अलग हिस्सों से कुल 112 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। इन सभी पर पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने का गंभीर आरोप है।

एटीएस की सभी 14 यूनिट्स मैदान में

मिली जानकारी के मुताबिक, इस ऑपरेशन के लिए महाराष्ट्र एटीएस की सभी 14 यूनिट्स को काम पर लगाया गया था। शुक्रवार तड़के सुरक्षा एजेंसियों की टीमों ने राज्य के कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। एटीएस को खुफिया इनपुट मिले थे कि पाकिस्तान में बैठकर गैंगस्टर शहजाद भट्टी भारतीय युवाओं को अपना निशाना बना रहा है। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए युवाओं से संपर्क साधकर उन्हें देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए उकसा रहा था।

महाराष्ट्र एटीएस राज्य भर में कई जगहों पर तलाशी अभियान चला रही है। यह कार्रवाई पाकिस्तान में रहने वाले गैंगस्टर शहजाद भट्टी के साथ कुछ लोगों के कथित सोशल मीडिया कनेक्शन की जांच के सिलसिले में की जा रही है। मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, मीरा रोड, सांगली, सातारा और छत्रपति संभाजीनगर में छापेमारी चल रही है।

सोशल मीडिया बना साजिश का नया हथियार

शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स युवाओं का ब्रेनवॉश करने के लिए इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और फेसबुक जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर रहे थे। संदिग्धों के फोन और इंटरनेट चैट्स की जांच में भट्टी नेटवर्क से जुड़े होने के कई सबूत मिले हैं। एटीएस के आला अधिकारी फिलहाल इन 112 लोगों से बंद कमरे में गहन पूछताछ कर रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस नेटवर्क ने महाराष्ट्र में किसी बड़ी आतंकी वारदात या अशांति फैलाने की योजना बनाई थी।

Navbharat Live
navbharatlive.com