Mumbai के 20 हजार ओसी-विहीन भवन होंगे नियमित, सरकार की बड़ी घोषणा

Mumbai में वर्षों से ओसी न मिलने से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। सरकार की संशोधित ओसी माफी योजना से 20 हजार इमारतें नियमित होंगी। इसे शहर की विकास नीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Occupancy certificate
ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Mumbai News In Hindi: वर्षों से ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट (ओसी) न मिलने की समस्या से जूझ रहे लाखों मुंबईकरों के लिए अब खुशखबरी है। भाजपा की 7 सदस्यीय ओसी अभ्यास कमेटी के लंबे संघर्ष और शासन-प्रशासन को सौंपी गई विस्तृत रिपोर्ट का बड़ा असर देखने को मिला है।

महाराष्ट्र सरकार ने घोषणा की है कि जल्द ही संशोधित ओसी माफी योजना लागू की जाएगी, जिसके तहत मुंबई की लगभग 20,000 इमारतों को नियमित (रेगुलराइज) किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण घोषणा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नागपुर में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान की।

शिंदे, जो कि शहरी विकास और आवास विभाग के मंत्री भी हैं, ने कहा कि इस योजना से 2.5 लाख परिवार से अधिक निवासियों को राहत मिलने वाली है।

वर्षों से ओसी न होने के कारण प्रभावित लोगों को कानूनी दिक्कतों, लोन न मिलने, प्रॉपर्टी टैक्स के अधिक भुगतान, पानी व सीवरेज चार्ज जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा था।

कई इमारतें ऐसे मामूली बदलावों के कारण ओसी से वंचित थीं, जो मूल निर्माण प्लान से बहुत छोटे स्तर की थी। सरकार के इस नए निर्णय से 2।5 लाख से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर वित्तीय लाभ होगा।

ओसी अभ्यास समिति अध्यक्ष ने जताया आभार

इस महत्वपूर्ण घोषणा के बाद औसी अभ्यास कमेटी के अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, अजित पवार, पालक मंत्री आशीष शेलार, आवास मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम और यूडी सचिव असीम गुप्ता का धन्यवाद व्यक्त किया है।

शेट्टी ने बताया कि ओसी के संघर्ष की यह लड़ाई मुंबई के परेल स्थित विलिंग्डन सोसायटी से शुरू हुई थी। कई आआंदोलन के बाद भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने 7 सदस्यीय ओसी अभ्यास कमेटी का गठन किया, जिसमे अनुभवी वकील और प्रख्यात आर्किटेक्ट शामिल थे।

कमेटी ने मुंबई के विभिन्न ओसी मामलों का बारीकी से अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार की थी, जिसे यूडी सचिव और संबंधित मंत्रियों को सौपा गया। सरकार के इस निर्णय के बाद ओसी प्रभावित इमारतों में खुशी की लहर दौड़ गई है। परेल की विलिंग्डन सोसायटी के निवासियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है।

गोपाल शेट्टी का स्वागत

सोसायटी के चेयरमैन भंडारी ने महाराष्ट्र सरकार, पूर्व सांसद गोपाल शेट्टी और अभ्यास कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुद्दे को सरकार के समक्ष लाने और समाधान की दिशा में आगे बढ़ाने में कमेटी का प्रयास अद्वितीय रहा है।

महाराष्ट्र सरकार की घोषणा के बाद गोपाल शेट्टी का भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ओसी विहीन इमारत के रहिवासियों ने शेट्टी का शाल, पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। भाजपा जिला अध्यक्ष पूर्व नगरसेवक बाला तावड़े, पूर्व नगरसेवक कमलेश यादव व अन्य कई भाजपा कार्यकर्ताओ ने शेट्टी का स्वागत किया।

ओसी माफी योजना लागू होने के बाद, लंबे समय से असुरक्षा और अनिश्चितता में जी रहे हजारों परिवारों को आखिरकार राहत की सांस मिल सकेगी। मुंबई की हाउसिंग व्यवस्था को नई दिशा देने वाला यह निर्णय आने वाले समय में शहर की विकास नीति में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com