

LPG Black Marketing Maharashtra: इजरायल-ईरान युद्ध के कारण देश में उत्पन्न गैस संकट का असर मुंबई सहित पूरे राज्य में देखने को मिला है। एलपीजी और पीएनजी के सुचारु व नियमित वितरण के लिए राज्य सरकार ने सभी संबंधित तंत्रों को सक्रिय कर दिया है।
अन्न, नागरी आपूर्ति एवं ग्राहक संरक्षण विभाग के मंत्री छगन भुजबल ने विधान परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि रिफाइनरी पूरी क्षमता से कार्य कर रही हैं। एलपीजी उत्पादन को 9,000 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 11,000 मीट्रिक टन तक किया गया है।
मंत्री भुजबल ने कहा कि स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को 100 प्रतिशत गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए 23 मामले दर्ज किए गए हैं और 18 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि राज्य में कमर्शियल गैस वितरण के लिए आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं और अत्यावश्यक सेवाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। नागरिकों में अफवाह और डर फैलने से रोकने के लिए रेडियो, एफएम, दूरदर्शन और प्रिंट मीडिया के माध्यम से नियमित जानकारी दी जा रही है।
मंत्री ने यह भी बताया कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण कुछ जहाजों के आगमन में देरी हुई थी, लेकिन मुंबई, कांडला और कोच्चि बंदरगाहों पर अब कुछ जहाज पहुंच चुके हैं। पूरी प्रक्रिया को सामान्य होने में 8 से 10 दिन का समय लग सकता है। इस दौरान घरेलू गैस, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर केरोसिन और अन्य वैकल्पिक ईंधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
भुजबल ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। राज्य सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस, पेट्रोल-डीजल के नियमित वितरण में सहयोग करें।