भंडारा: गैस किल्लत की अफवाहों पर जिलाधिकारी सख्त; सावन कुमार ने खुद एजेंसियों पर जाकर लिया जायजा

गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी ने बैठक की, नागरिकों को अफवाहों से बचने की सलाह दी। प्रशासन ने सुनिश्चित किया कि गैस की आपूर्ति सुचारू रहेगी।
भंडारा: गैस किल्लत की अफवाहों पर जिलाधिकारी सख्त; सावन कुमार ने खुद एजेंसियों पर जाकर लिया जायजा
Published on
Updated on

Bhandara LPG Cylinder Crisis News: गैस सिलेंडर आपूर्ति को लेकर बैठक अफवाहों पर ध्यान न दें नागरिक भंडारा, ब्यूरो। वर्तमान युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के कारण घरेलू गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर नागरिकों में फैली असमंजस की स्थिति पर विराम लगाने के लिए जिलाधिकारी सावन कुमार ने कड़े निर्देश जारी किए हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन सुचारू गैस आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है और नागरिकों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कार्यालय के परिषद कक्ष में जिले के 24 गैस एजेंसी संचालकों के साथ आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि एजेंसियां यह सुनिश्चित करें कि उपभोक्ताओं को नियमानुसार और समय पर सिलेंडर मिले।

उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि इस स्थिति का फायदा उठाकर किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क न वसूला जाए और न ही नागरिकों का आर्थिक शोषण किया जाए। एजेंसी संचालकों ने बैठक में बताया कि युद्ध जैसी स्थिति के कारण आपूर्ति श्रृंखला सप्लाई चेन में कुछ बाधाएं आई हैं।

साथ ही, घबराहट में नागरिकों की ओर से एक साथ बड़े पैमाने पर बुकिंग करने के कारण सॉफ्टवेयर में तकनीकी दिक्कतें पेश आ रही हैं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं के बावजूद बेहतर सेवा देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सावन कुमार ने भंडारा शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का प्रत्यक्ष दौरा कर वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। जिले में एचपीसीएल, आईओसीएल और बीपीसीएल कंपनियों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है, जिसमें एचपीसीएल की सर्वाधिक 13 एजेंसियां हैं।

जिलाधिकारी ने जल्द ही इन कंपनियों के सेल्स अधिकारियों की बैठक बुलाने की बात भी कही। प्रशासन ने हर तहसील के लिए संपर्क अधिकारी नियुक्त किए हैं। गैस सिलेंडर की आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए नागरिक जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 07184250040 पर संपर्क कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com