Maharashtra Bandra GRP Action: मुंबई लोकल ट्रेन डेथ लाइन बनती जा रही है। लोकल ट्रेन में हिंसा के मामले लगातार रेलवे पुलिस की चिंता बढ़ा रहे हैं। गुरुवार को बांद्रा और माहिम रेलवे स्टेशनों के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां चलती लोकल ट्रेन के भीतर हुई बहस के बाद एक दिव्यांग यात्री को सहयात्री ने ट्रेन से धक्का दे दिया। गंभीर चोटों के कारण पीड़ित की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक की पहचान 63 वर्षीय कैजेटन प्रिंस के रूप में हुई है। जो चर्चगेट-बोरीवली स्लो लोकल ट्रेन के दिव्यांग कोच में यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनका आरोपी अमजद शेख से किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने प्रिंस को चलती ट्रेन से बाहर फेंक दिया। सूचना मिलते ही आरपीएफ और बांद्रा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में मिले प्रीस को भाभा अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमजद शेख को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी ने खुद को चर्चगेट दरगाह के पास फुटपाथ पर रहने वाला बताया है।
बांद्रा जीआरपी ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि मामूली विवाद में यात्री की हत्या का यह इस साल का तीसरा मामला है।
इससे पहले जनवरी में मालाड स्टेशन पर उतरने को लेकर हुए विवाद में एक कॉलेज शिक्षक और, जून में दरवाजा बंद करने को लेकर हुए झगड़े में एक 21 वर्षीय युवक की जान जा चुकी है। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाएं लोकल ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।